ग्लेन फिलिप्स ने कैसे किया जसप्रीत बुमराह का सामना? शतक लगाने के बाद किया खुलासा

ग्लेन फिलिप्स ने कैसे किया जसप्रीत बुमराह का सामना? शतक लगाने के बाद किया खुलासा

जसप्रीत बुमराह ने वेलिंग्टन टेस्ट मैच की पहली पारी में दमदार गेंदबाजी की और सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए. हालांकि हेनरी निकल्स और फिलिप्स ने उनका डटकर सामना किया और अपना विकेट नहीं दिया.

India vs New Zealand: टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड खिलाफ वेलिंग्टन टेस्ट मैच की पहली पारी में दमदार गेंदबाजी की और 4 विकेट झटके. हालांकि, बुमराह की घातक गेंदबाजी के बावजूद न्यूजीलैंड ने पहली पारी में खराब शुरुआत के बाद अच्छा स्कोर खड़ा किया. इसकी वजह रहे हेनरी निकल्स और ग्लेन फिलिप्स, जिन्होंने न सिर्फ शतक लगाए बल्कि 200 रन से ज्यादा की साझेदारी की. दोनों ने ही बुमराह का भी डटकर सामना किया और उन्हें विकेट नहीं दिया. इस दमदार पारी के बाद फिलिप्स ने बताया कि बुमराह जैसे गेंदबाज का सामना कैसे किया जाना चाहिए.

बेसिन रिजर्व मैदान पर टेस्ट मैच के दूसरे दिन ग्लेन फिलिप्स ने अपना शतक पूरा किया. इस साल भारत के खिलाफ उन्होंने तीनों फॉर्मेट में एक-एक शतक लगाया है. मगर सबसे खास ये टेस्ट शतक है, जो मुश्किल हालातों में आया. फिलिप्स ने 116 रन बनाए, जो उनके टेस्ट करियर का दूसरा शतक है. फिलिप्स की पारी बेहद खास थी क्योंकि बुमराह भी उन्हें आउट नहीं कर सके. दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद फिलिप्स ने बताया कि बुमराह के सामने धैर्य रखना सबसे जरूरी है.

‘बुमराह के खिलाफ धैर्य सबसे जरूरी’

सिर्फ 70 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद फिलिप्स ने हेनरी के साथ मिलकर न्यूजीलैंड को 368 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. इस पारी के दौरान उन्होंने कई बार बुमराह का सामना किया लेकिन विकेट नहीं दिया. इसके बारे में बात करते हुए फिलिप्स ने कहा, “बुमराह कमाल के गेंदबाज हैं और सबसे बड़ा खतरा भी हैं. मगर दूसरे गेंदबाजों के खिलाफ आपको रन बनाने के मौके मिल जाते हैं. उनके तेज एक्शन के कारण लगता है कि आप गेंद को खेलने में देरी कर रहे हैं. साथ ही गेंद हवा में और पिच से भी मूव करती है.”

फिलिप्स ने अपने साथी बल्लेबाजों को सलाह देते हुए कहा कि टीम को बुमराह पर हमला करने के लालच से बचने की जरूरत है. कीवी बल्लेबाज लंबी पारी खेलने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, “बुमराह को बेअसर करने के लिए आपको लंबे समय तक बैटिंग करनी होगी और रन बनाने के मौकों का इंतजार करना होगा. शायद हमें दूसरे गेंदबाजों से रन बनाने के मौके मिलें.”

बुमराह का बेस्ट प्रदर्शन

बुमराह ने पहली पारी में खतरनाक गेंदबाजी की थी. उन्होंने 29 ओवर में 92 रन देकर चार विकेट लिए. उन्होंने कप्तान टॉम लैथम को 0 पर आउट कर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई थी. इसके बाद उन्होंने डैरिल मिचेल और टॉम ब्लंडेल को भी पवेलियन लौटाया. मैच के दूसरे दिन उन्होंने मैट हेनरी को आउट कर अपना चौथा विकेट लिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में बुमराह का ये अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है. उन्होंने पहली बार कीवी टीम के खिलाफ टेस्ट मैच की एक पारी में 4 विकेट लिए हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More