IND A vs NEP: प्रिंस और हर्षित ने उगली आग, आधी टीम 0 पर आउट, नेपाल को 306 रन से रौंदा

IND A vs NEP: प्रिंस और हर्षित ने उगली आग, आधी टीम 0 पर आउट, नेपाल को 306 रन से रौंदा

Rising Stars Asia Cup 2026: टूर्नामेंट में अपना पहला ही मैच खेल रही इंडिया ए के लिए कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शतक जमाए थे, जिसके दम पर भारतीय टीम ने एक बड़ा स्कोर खड़ा किया.

राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के अपने पहले ही मैच में इंडिया ए ने हाहाकारी जीत दर्ज कर ली. तिलक वर्मा की कप्तानी में इस टूर्नामेंट में उतरी इंडिया ए टीम ने ग्रुप स्टेज के पहले मैच में नेपाल को 306 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की. इंडिया ए ने पहले बैटिंग करते हुए 332 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया लेकिन इसके बाद हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने नेपाल का ऐसा हश्र किया, जिसे देखकर यकीन करना मुश्किल है. दोनों तेज गेंदबाजों ने ही नेपाल के सभी 9 विकेट चटकाते हुए पूरी टीम को 26 रन पर ढेर कर दिया.

कुशाग्र और तिलक ने लगाया शतक

कतर में शुरू हुए राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में शुक्रवार 20 नवंबर को इंडिया ए अपने पहले ग्रुप मैच में नेपाल से भिड़ रही थी. इंडिया ए इसमें पहले बैटिंग के लिए उतरी लेकिन शुरुआत अच्छी नहीं रही. वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा जैसे धुरंधर बल्लेबाजों की ओपनिंग जोड़ी इस मुकाबले में फेल रही और सिर्फ 42 रन तक इंडिया ए ने 3 विकेट गंवा दिए थे.

ऐसे वक्त में कप्तान तिलक वर्मा ने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर 200 से ज्यादा रन जोड़ दिए.युवा बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने सिर्फ 93 गेंदों में शतक जड़ते हुए 117 रन की पारी खेली. वहीं कप्तान तिलक ने बेहद धीमी शुरुआत के बाद रफ्तार बढ़ाई और खुद शतक जमाते हुए 107 रन बनाए. इसके दम पर ही इंडियन टीम ने अपने 50 ओवर में 332 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.

प्रिंस और हर्षित ने दहलाया

इसके बाद बारी गेंदबाजों की थी और पहले ही ओवर में जो कहर बरपाना शुरू हुआ, वो 12वें ओवर में नेपाल की पारी खत्म होने तक जारी रहा. हर्षित राणा ने पहले ओवर में ही नेपाल को झटका दिया, जिसके बाद अगले ओवर में प्रिंस यादव ने 2 विकेट निकाल लिए. तीसरे ओवर में लौटे हर्षित ने फिर एक विकेट लिया और सिर्फ 1 रन पर नेपाल के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे.

दोनों ने इसके बाद भी कहर बरपाए रखा और जल्द ही प्रिंस ने अपने 5 विकेट पूरे कर लिए. आखिरकार 11.3 ओवर यानि 69 गेंदों में ही नेपाल की पूरी टीम सिर्फ 26 रन पर ऑल आउट हो गई. नेपाल के 5 बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके और 0 पर आउट हो गए. प्रिंस यादव ने 5 और हर्षित ने 4 विकेट लिए, जबकि आखिरी शिकार शाहबाज अहमद ने लिया. इंडिया ए का अगला मैच रविवार 22 नवंबर को पाकिस्तान शाहीन से होगा.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More