कप्तानी के घमंड में विराट कोहली को किया नजरअंदाज? श्रेयस अय्यर पर भड़के फैंस, Video वायरल
Virat Kohli-Shreyas Iyer: न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के आखिरी मैच से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें श्रेयस अय्यर की ओर से विराट कोहली को नजरअंदाज करने का दावा किया जा रहा है.
Virat Kohli-Shreyas Iyer Viral Video: माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर 15 नवंबर 2026 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पांचवें और आखिरी वनडे मुकाबले के दौरान मैदान पर घटी एक घटना ने सोशल मीडिया पर नया विवाद खड़ा कर दिया है. मैच के दौरान भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अय्यर पूर्व कप्तान और टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली की सलाह को नजरअंदाज कर रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर क्रिकेट फैंस ने श्रेयस अय्यर के व्यवहार और रवैये को लेकर तीखी आलोचना शुरू कर दी है.
अय्यर ने विराट को किया नजरअंदाज?
यह पूरा वाकया न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी के दौरान देखने को मिला, जब कप्तान श्रेयस अय्यर विकेटकीपर ईशान किशन के साथ चर्चा कर रहे थे. इसी दौरान विराट कोहली चलकर उनके पास आए और मैच की स्थिति को देखते हुए अपना रणनीतिक सुझाव दिया. रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया क्लिप्स के मुताबिक, कोहली ने अय्यर को तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को गेंदबाजी पर लाने की सलाह दी थी.
हालांकि, वायरल फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि अय्यर ने कोहली की बात पर रुककर चर्चा करने के बजाए अपना सिर हिलाया, बिना कदम रोके आगे बढ़ गए और उनकी सलाह को सिरे से खारिज कर दिया. अंत में उन्होंने आकिब नबी को गेंदबाजी पर लाने का फैसला लिया. सीनियर खिलाड़ी के लिए इस तरह के रवैये को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैंस ने श्रेयस अय्यर को जमकर आड़े हाथों लिया है. फैंस का मानना है कि एक पूर्व सफल कप्तान और अनुभवी खिलाड़ी के सुझाव को इस तरह अनदेखा करना ठीक नहीं है.
View this post on Instagram



