IND vs NZ: वेलिंग्टन में गौतम गंभीर के नाम ये खास रिकॉर्ड, टीम इंडिया में कौन करेगा इसे ध्वस्त?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा और इसके साथ ही एक बार फिर नजरें इस पर टिक जाएंगी कि क्या 2009 में बना गौतम गंभीर का रिकॉर्ड टूट पाएगा?
वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में 6 साल से भी ज्यादा वक्त के बाद भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट का स्वाद लेने उतरेगी. जनवरी-फरवरी 2020 में भारतीय टीम ने आखिरी बार यहां टेस्ट मैच खेला था. तब से भारतीय टीम पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची है और उसकी शुरुआत ही बेसिन रिजर्व से हो रही है. ऐसे में एक बार फिर ये सवाल आता है- क्या गौतम गंभीर का रिकॉर्ड टूटेगा? क्या कप्तान शुभमन गिल या यशस्वी जायसवाल या कोई अन्य बल्लेबाज अपने कोच का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे?
इन सवालों का जवाब तो गुरुवार 19 सितंबर या उसके बाद आने वाले दिनों में ही मिल पाएगा. गुरुवार से ही वेलिंग्टन में भारत-न्यूजीलैंड के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मैच शुरू होगा. वेलिंग्टन से इस सीरीज की शुरुआत हो ही है, जो अपनी तेज हवाओं के कारण मशहूर है और यही वजह है कि इस शहर को ‘विंडी वेलिंग्टन’ भी कहा जाता है. ऐसे में जाहिर तौर पर भारत या अन्य एशियाई टीम के बल्लेबाजों को इस मैदान पर संघर्ष करना पड़ता है.
गंभीर का ये रिकॉर्ड टूटेगा?
यही वजह है कि भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के बल्लेबाज मिलकर इस मैदान पर सिर्फ 18 शतक लगा सके हैं. भारत की जहां तक बात है तो 6 बल्लेबाजों ने बेसिन रिजर्व मैदान पर शतक लगाया है. इन्हीं में से एक गौतम गंभीर भी हैं. मगर यहां रिकॉर्ड सिर्फ शतक लगाने की नहीं है बल्कि सबसे बड़े स्कोर का है और यही रिकॉर्ड गंभीर के नाम है. टीम इंडिया के पूर्व ओपनर गंभीर ने इस मैदान पर 167 रन की पारी खेली है, जो वेलिंग्टन में किसी भी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है.
गंभीर ने इस मैदान पर 2009 में इकलौता टेस्ट मैच खेला था और उसमें ये रिकॉर्ड बनाया था. ऐसे में मौजूदा भारतीय टीम के बल्लेबाजों के सामने अपने मौजूदा हेड कोच का रिकॉर्ड तोड़ने का लक्ष्य भी होगा. टीम इंडिया के बल्लेबाजों के लिए ये इसलिए आसान नहीं होगा क्योंकि ज्यादातर खिलाड़ी पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे और इसमें कप्तान गिल, ओपनर जायसवाल और यहां तक कि केएल राहुल जैसे सीनियर बल्लेबाज भी शामिल हैं.
न्यूजीलैंड में खेलने का नहीं अनुभव
मौजूदा टीम में सिर्फ ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जो विंडी वेलिंग्टन का स्वाद चख चुके हैं. पंत ने यहां 2 पारियों में 44 रन बनाए हैं, जबकि जडेजा ने एक पारी में सिर्फ 26 रन बनाए हैं. ऐसे में मैट हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी जैसे तेज गेंदबाजों के सामने अनुभवहीन भारतीय बल्लेबाजों के लिए गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं होने वाला.




