MS Dhoni Retires: ‘जितना सोचा था…’ एमएस धोनी के संन्यास पर सचिन तेंदुलकर ने किया खास पोस्ट

MS Dhoni Retires: ‘जितना सोचा था…’ एमएस धोनी के संन्यास पर सचिन तेंदुलकर ने किया खास पोस्ट

सचिन की सलाह और सुझाव के बाद ही धोनी को भारतीय टीम की कप्तानी मिली थी और फिर धोनी की कप्तानी में ही सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना पूरा हुआ था.

इंटरनेशनल क्रिकेट से 6 साल पहले विदाई लेने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरकार IPL को भी अलविदा कह दिया. चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार IPL चैंपियन बनाने वाले धोनी अब इसी टीम में मेंटॉर की भूमिका निभाएंगे. धोनी के इस फैसले के बाद से ही हर कोई उन्हें याद कर रहा है और अलग-अलग तरह से श्रद्धांजलि दे रहा है. धोनी की कप्तानी में वर्ल्ड कप जीतने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि जितना उन्होंने सोचा था, धोनी ने उससे भी ज्यादा हासिल किया.

IPL के पहले सीजन से ही इस लीग का हिस्सा रहे और इसकी पहचान बन चुके धोनी ने IPL 2027 सीजन के रिटेंशन वाले दिन संन्यास का ऐलान किया. इस ऐलान के अगले दिन सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने पूर्व कप्तान के लिए एक खास पोस्ट लिखा. धोनी की शुरुआत और उनके योगदान को याद करते हुए सचिन ने बताया कि पहले दिन से ही उनकी दुर्लभ प्रतिभा की झलक मिल गई थी.

सचिन ने ऐसे किया धोनी को याद

धोनी के भारतीय कप्तान बनने में अहम भूमिका निभाने वाले सचिन तेंदुलकर ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे आज भी याद है जब मैंने एमएस को बांग्लादेश में बल्लेबाजी (डेब्यू सीरीज) करते देखा था और मैंने सौरव (गांगुली) से कहा था कि उसकी पावर हिटिंग में कुछ खास है. आप देख सकते थे कि उनमें एक दुर्लभ प्रतिभा थी और देखिए उनका सफर कैसा रहा.”

धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम में बिताए पल और भारतीय क्रिकेट के यादगार पलों का हिस्सा बनने को सचिन ने अपना सौभाग्य बताया. लगातार 5 वर्ल्ड कप में खिताब जीतने में नाकाम रहने वाले तेंदुलकर का वर्ल्ड चैंपियन बनने का ख्वाब 2011 में धोनी की कप्तानी में ही पूरा हुआ. उसे याद करते हुए तेंदुलकर ने लिखा, “तुम्हारे साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना और भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार पलों का हिस्सा बनना वाकई खुशी की बात थी. मुझे हमेशा भरोसा था कि तुम कुछ खास करोगे और तुमने उससे भी कहीं ज़्यादा हासिल किया है.”

मैदान से बाहर रहकर जिताएंगे धोनी!

IPL इतिहास के दो सबसे सफल कप्तानों में से एक और चेन्नई सुपर किंग्स के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे धोनी भले ही अब बल्ला चलाते हुए या विकेट के पीछे से मैच बदलते हुए नहीं दिखेंगे. मगर CSK को आगे ले जाने की उनकी कोशिशें जारी रहेंगी. ये काम अब वो डग आउट, ड्रेसिंग रूम और प्रैक्टिस सेशन में रणनीतियां बनाकर करेंगे. बतौर मेंटॉर धोनी का सफर IPL 2027 सीजन से ही शुरू होने जा रहा है.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More