IND vs NZ: 2019 के बाद फिर दोहराया गया अनचाहा इतिहास, न्यूजीलैंड में बेबस दिखे भारतीय बल्लेबाज
India vs New Zealand: न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी खराब रहा. कोई भी खिलाड़ी इस सीरीज में कुल 100 रन का आंकड़ा नहीं छू सका.
India vs New Zealand Odi Series: माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर वनडे सीरीज के पांचवें मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी एक बार फिर कीवी गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई. पिछले मुकाबले में सिर्फ 89 रनों पर ऑलआउट होने वाली टीम इंडिया इस मैच में भी पूरे ओवर नहीं खेल सकी और 209 रनों पर सिमट गई. साल 2015 के वनडे वर्ल्ड कप के बाद यह सिर्फ दूसरा मौका है जब भारतीय टीम किसी वनडे सीरीज में दो बार 225 से कम के स्कोर पर ऑलआउट हुई है. इससे पहले साल 2024 के श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया को इस शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा था.
न्यूजीलैंड में बेबस दिखे भारतीय बल्लेबाज
पूरी सीरीज के दौरान भारतीय टॉप ऑर्डर (टॉप-3 बल्लेबाज) का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा, जो पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबलों के बिल्कुल अलग है. इस सीरीज के 4 मैचों में भारत के टॉप-ऑर्डर ने सिर्फ 14.66 की बेहद मामूली औसत और 82.24 के स्ट्राइक रेट से कुल 176 रन बनाए, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल रहा. वहीं, सिर्फ एक महीने पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों में इसी भारतीय टॉप-ऑर्डर ने 103.85 की धमाकेदार औसत और 132.18 के स्ट्राइक रेट से 727 रन कूटे थे, जिसमें 4 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा गया था.
दोहराया गया अनचाहा इतिहास
चैंपियंस ट्रॉफी 2013 के बाद से चार या उससे ज्यादा मैचों की वनडे सीरीज में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब भारत के टॉप तीन बल्लेबाजों में से कोई भी शतक नहीं लगा सका. संयोग से दोनों ही बार यह घटना न्यूजीलैंड की धरती पर हुई है. पिछली बार 2019 के दौरे पर भी भारत के टॉप तीन बल्लेबाजों में से कोई भी शतक नहीं लगा सका था. इस पूरी सीरीज में भारतीय बल्लेबाजी की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार पारियों के बाद भी कोई भारतीय बल्लेबाज सीरीज में कुल 100 रन तक नहीं पहुंच सका. विराट कोहली 86 रनों के साथ टीम के टॉप स्कोरर रहे.
सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों की ओर से बनाए गए कुल रन
- 86 रन – विराट कोहली (4 पारियां)
- 74 रन – अक्षर पटेल (4 पारियां)
- 73 रन – इशान किशन (2 पारियां)
- 67 रन- श्रेयस अय्यर (4 पारियां)
- 60 रन – नमन धीर (4 पारियां)
- 37 रन – शुभमन गिल (2 पारियां)
- 30 रन – रोहित शर्मा (4 पारियां)
- 29 रन – केएल राहुल (2 पारियां)
- 23 रन – ऋतुराज गायकवाड़ (2 पारियां)




