KBC 18 Premier: अमिताभ बच्चन के शो का ग्रैंड आगाज, जानिए पहले एपिसोड में क्या होगा खास

KBC 18 Premier: अमिताभ बच्चन के शो का ग्रैंड आगाज, जानिए पहले एपिसोड में क्या होगा खास

सोनी टीवी पर ज्ञान के सबसे बड़े मंच की वापसी हो चुकी है. पहले दिन तीन दिग्गज सेलिब्रिटी हॉट सीट पर बैठकर खूब रंग जमाएंगे. यही वजह है कि अमिताभ बच्चन के इस शो का प्रीमियर एपिसोड बेहद खास होगा.

KBC 18: टीवी की दुनिया का सबसे बड़ा क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ अपने 18वें सीजन के साथ एक बार फिर से दर्शकों के दिलों पर राज करने लौट आया है. आज यानी 10 अगस्त रात 9 बजे जैसे ही सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर इस शो की घंटी बजेगी, करोड़ों दर्शकों का इंतजार खत्म हो जाएगा. इस बार का प्रीमियर एपिसोड सिर्फ ज्ञान और सवालों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें बॉलीवुड के तीन बड़े सुपरस्टार्स आमिर खान, सनी देओल और प्रीति जिंटा एक साथ हॉट सीट पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर महफिल सजाते नजर आएंगे.

अगर आप भी आज रात का यह धमाकेदार एपिसोड देखने की तैयारी कर रहे हैं, तो जानिए वो 5 बड़ी बातें जो इस बार के प्रीमियर एपिसोड को बेहद खास और एंटरटेनिंग बनाने वाली हैं.

1. अमिताभ बच्चन की वापसी

केबीसी‘ और अमिताभ बच्चन एक-दूसरे के लिए बन चुके हैं. 80 के दशक से लेकर आज तक, बिग बी की आवाज जब “नमस्कार, देवी और सज्जनों” कहती है, तब स्टूडियो के साथ-साथ आपके घरों में सन्नाटा छा जाता है. इस 18वें सीजन में भी अमिताभ बच्चन अपनी वही पॉजिटिव मुस्कान, हाजिरजवाबी और गर्मजोशी के साथ मंच संभालते दिखेंगे. उनके होस्ट करने का अंदाज ही इस शो की असली जान है, जो हर उम्र के दर्शक को टीवी स्क्रीन से बांधे रखता है.

ये भी पढ़ें: 25 साल से यही चश्मा पहन रहा…KBC की शूटिंग लेट होने पर अमिताभ बच्चन ने मांगी माफी, अपने चश्मे को लेकर किया मजेदार खुलासा

2. ‘सोचना पड़ेगा’ वाली नई थीम

इस बार मेकर्स ने शो के फॉर्मेट में एक नया ट्विस्ट जोड़ा है. सीजन 18 की ऑफिशियल थीम रखी गई है,’सोचना पड़ेगा’. इसका सीधा सा मतलब ये है कि अब केवल रट्टा मारा हुआ ज्ञान काम नहीं आएगा, बल्कि हॉट सीट पर बैठने वाले कंटेस्टेंट को हर सवाल के पीछे अपनी क्रिटिकल थिंकिंग और लॉजिक का इस्तेमाल करना होगा. यानी इस बार का गेम प्ले और भी ज्यादा दिमागी कसरत वाला और रोमांचक होने वाला है.

3. सनी देओल का 26 साल बाद KBC डेब्यू

शो के इतिहास में पहली बार ‘गदर’ फेम सनी देओल केबीसी के मंच पर पहुंचे हैं. उन्होंने अमिताभ बच्चन के सामने कबूल किया कि वे इस शो के मंच से इतने सालों से घबराते थे, इसलिए आने में 26 साल लग गए. लेकिन इसके बाद मंच पर जो धमाका हुआ, वो देखने लायक था! फैंस के कहने पर सनी पाजी ने ‘मई निकला गड्डी लेके’ गाने पर जबर्दस्त डांस किया और अपनी आइकॉनिक फिल्म ‘दामिनी’ का डायलॉग गरजते हुए बोला, “यह ढाई किलो का हाथ जब उठता है ना… तो आदमी उठता नहीं, उठ जाता है!”

4. प्रीति जिंटा की पुरानी यादें और नोस्टाल्जिया

शो में ‘डिंपल गर्ल’ प्रीति जिंटा ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक बेहद मजेदार किस्सा शेयर किया. प्रीति ने बताया कि वे अमिताभ बच्चन के साथ काम करने के लिए इतनी उतावली थीं कि उन्होंने फिल्म ‘अरमान’ सिर्फ इस शर्त पर साइन की थी कि उनका कम से कम एक सीन अमित जी के साथ होना चाहिए. डायरेक्टर हनी ईरानी ने उनकी शर्त मानी तो सही, लेकिन प्रीति को फिल्म में एक कोमा (Coma) में पड़ी पेशेंट का रोल मिला, जो पूरे सीन में बिना हिले-डुले लेटी रहती हैं और अमिताभ बच्चन उनके सामने एक्टिंग करते हैं. ये किस्सा सुनकर पूरा स्टूडियो ठहाकों से गूंज उठा.

ये भी पढ़ें: बंटवारा 1947 की रिलीज से पहले KBC 18 पहुंचे आमिर-सनी, अमिताभ बच्चन ने दे दी ऐसी चेतावनी

5. आमिर खान का ‘फेस रीड’ वाला मजेदार खुलासा

हमेशा परफेक्ट दिखने वाले मिस्टर परफेक्टनिस्ट यानी आमिर खान ने भी केबीसी के मंच पर अपनी एक पुरानी चालाकी का पर्दाफाश किया. आमिर ने मुस्कुराते हुए बताया कि जब वे पिछली बार खेल रहे थे, तब 25 लाख रुपये के बड़े सवाल पर वे अमिताभ बच्चन के चेहरे के एक्सप्रेशन्स देखकर सही जवाब का अंदाजा लगा रहे थे. आमिर को लगता था कि बिग बी के सामने वाली स्क्रीन पर उत्तर लिखा होता है. इस पर अमिताभ बच्चन ने उन्हें डांटते हुए हंसकर साफ किया कि उनके चश्मे या स्क्रीन में कोई गुप्त जवाब नहीं छिपा होता.

कुल मिलाकर, केबीसी 18 का यह प्रीमियर एपिसोड हंसी-मजाक, स्टारडम और ज्ञान का ऐसा कॉकटेल होने वाला है, जिसे कोई भी एंटरटेनमेंट लवर मिस नहीं करना चाहेगा.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More