The Traitors Promo: मल्लिका के आंसू से लेकर ‘फुकरा इंसान’ के गुस्से तक, महल में छिड़ा महासंग्राम!
रियलिटी शो का नया प्रोमो आते ही इंटरनेट पर वायरल हो रहा है. कंटेस्टेंट में मची आपसी खींचतान और तीखी जुबानी जंग से साफ है कि इस बार महल का माहौल पहले से कहीं ज्यादा मजेदार होने वाला है.
प्राइम वीडियो के सबसे चर्चित माइंड-गेम रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन का नया प्रोमो रिलीज होते ही छा गया है. अभी तो खेल ठीक से शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन महल के अंदर का माहौल एकदम गरमा गया है. खिलाड़ियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप, तीखी बहस और आंसुओं का दौर शुरू हो चुका है, जिसे देखकर लगता है कि इस बार करण जौहर के शो में दोस्ती की कोई जगह नहीं रहने वाली. द ट्रेटर्स के सीजन 2 की खास बात यही है कि कोई भी किसी पर भरोसा करने को तैयार नहीं है. आइए जानते हैं इस नए स्नीक पीक में क्या-क्या ड्रामा देखने को मिला.
रिया की चेतावनी और अभिषेक का फूटा गुस्सा
शो के लेटेस्ट प्रोमो में रिया चक्रवर्ती खेल के सबसे बड़े खतरे को पहचानती दिखीं. उन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को आगाह करते हुए कहा कि अगर सब लोग बिना दिमाग चलाए सिर्फ भेड़चाल में चलोगे, तो निर्दोष खिलाड़ी (इनोसेंट) एक-एक करके बाहर होते जाएंगे. वहीं दूसरी तरफ, ‘फुकरा इंसान’ के नाम से मशहूर अभिषेक मल्हान बाकी सदस्यों की नासमझी से बेहद चिढ़े हुए नजर आए. उन्होंने चिल्लाते हुए अपनी भड़ास निकाली कि आखिर कोई गद्दारों को ढूंढ क्यों नहीं पा रहा है. पारुल गुलाटी ने क्रिस्टल डिसूजा से कहा कि आप ट्रेटर हो, तो क्रिस्टल ने उनपर पलटवार करते हुए कहा कि मैं ट्रेटर होती? तो आपको ही बाहर करती.
मल्लिका शेरावत के आंसू और मुनव्वर पर बड़ा दावा
ट्रेलर में ‘सच से ज्यादा मनाना जरूरी है’ का दावा करने वाली मल्लिका शेरावत नाश्ते की टेबल पर काफी परेशान और रोती हुई दिखीं. उन्होंने माना कि यह खेल बहुत ज्यादा शातिर और दिमागी तनाव देने वाला है. हालांकि, रोते-बिलखते हुए भी मल्लिका ने एक बड़ा दांव खेला और सीधे तौर पर मुनव्वर फारूकी को गद्दार (ट्रेटर) बता दिया. इसी बीच पारुल गुलाटी ने रोती हुई एक्ट्रेस पर तंज कसते हुए चुटकी ली कि टीवी कलाकार तो बिना ग्लिसरीन के भी रो लेते हैं. कहा जा रहा है कि उनका इशारा श्वेता तिवारी पर हो सकता है.
‘कढ़ी-सांभर’ का घमासान और हर तरफ शक का दायरा
महल के अंदर सिर्फ गद्दारों को लेकर ही जंग नहीं चल रही, बल्कि छोटी-छोटी बातों पर भी बहस छिड़ रही है. जब पारुल ने खुद की तुलना राजमा में कढ़ी से की, तो अभिषेक चिढ़ गए और बोले कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई कढ़ी है या सांभर. इसके अलावा, साहिल सलाथिया ने श्वेता तिवारी और रिया चक्रवर्ती पर शक जताया.देखा जाए तो हर किसी का अपना एक गणित है और हर कोई एक-दूसरे पर निशाना साध रहा है. अभिषेक ने खुद माना कि यह बहुत मुश्किल खेल है. करण जौहर का यह एंटरटेनिंग और सस्पेंस से भरा शो 13 अगस्त से हर गुरुवार को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा.




