नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट… कहां से गुजरेगी नई मेट्रो और कहां बनेंगे स्टेशन, मैप के साथ पढ़ें पूरी जानकारी
नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 तक 8.449 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. एक्वा लाइन के इस रूट पर 5 एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे. करीब 2,390 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
Noida Metro Expansion: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी खुशखबरी है. केंद्र सरकार ने एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार की मंजूरी दे दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई. इस परियोजना के तहत नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 तक 8.449 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर तैयार किया जाएगा. इस रूट पर कुल पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. परियोजना पर करीब 2,390 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है.
इस विस्तार के पूरा होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो का कुल सक्रिय नेटवर्क बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगा. इससे उन इलाकों को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी, जहां अभी सार्वजनिक परिवहन के बेहतर विकल्पों की कमी है. खास बात यह है कि इस विस्तार से यात्रियों को नोएडा की ब्लू लाइन मेट्रो से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी. इससे दिल्ली और NCR के दूसरे हिस्सों तक पहुंचना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है.
ये भी पढ़ें- नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेनो वेस्ट तक मेट्रो को कैबिनेट की मंजूरी, 8.44 किमी में होंगे 5 स्टेशन
8.449 किलोमीटर लंबे रूट पर बनेंगे 5 नए स्टेशन
केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद एक्वा लाइन के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. इस परियोजना में 8.449 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा. पूरा कॉरिडोर एलिवेटेड होगा यानी मेट्रो ट्रेन जमीन के ऊपर बने ट्रैक पर दौड़ेगी. इसके लिए 5 नए स्टेशन तैयार किए जाएंगे.

फिलहाल एक्वा लाइन नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रियों को मेट्रो सेवा उपलब्ध करा रही है. अब इसके विस्तार से सेक्टर-51 से आगे ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 तक मेट्रो की पहुंच होगी. इस रूट का फायदा खासतौर पर उन लोगों को मिलेगा, जो रोजाना नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और दूसरे जरूरी कामों के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों के बीच सफर करते हैं.
ब्लू लाइन से मिलेगी कनेक्टिविटी
इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा दूसरी मेट्रो लाइनों से कनेक्टिविटी के रूप में सामने आएगा. सरकार के मुताबिक, नए कॉरिडोर से नोएडा सेक्टर-61 स्थित ब्लू लाइन मेट्रो के साथ इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी. इससे एक्वा लाइन से आने वाले यात्री ब्लू लाइन के जरिए दिल्ली और NCR के कई प्रमुख इलाकों तक पहुंच सकेंगे.
अभी नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को मेट्रो बदलने या सड़क मार्ग का सहारा लेने में अतिरिक्त समय लगाना पड़ता है. नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद मेट्रो नेटवर्क का आपसी जुड़ाव बेहतर होगा. इससे यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए ज्यादा सुविधाजनक विकल्प मिल सकेंगे. इसके अलावा, परियोजना को दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन समेत अन्य प्रमुख परिवहन नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.

मॉल-IT कंपनियों तक पहुंच होगी आसान
नए मेट्रो कॉरिडोर का फायदा सिर्फ रोजाना सफर करने वाले यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा. इसके दायरे में कई बड़े व्यावसायिक केंद्र, शॉपिंग मॉल, आईटी कंपनियां, अस्पताल और आवासीय सोसायटियां भी आएंगी. इससे इन जगहों तक पहुंचना आसान हो सकता है. व्यावसायिक केंद्रों की बात करें तो ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 में गौर सिटी मॉल, एच एंड एस मॉल, ब्लू सफायर मॉल और अन्य व्यावसायिक परिसरों को फायदा मिलने की उम्मीद है. वहीं, नोएडा सेक्टर-51 में IKEA और सेक्टर-73 स्थित एंथुरियम मॉल जैसे प्रमुख केंद्रों तक पहुंच भी बेहतर हो सकती है.
आईटी और कॉरपोरेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों के लिए भी यह रूट महत्वपूर्ण होगा. नोएडा सेक्टर-60 में टेक महिंद्रा और TCL टेक के कार्यालय, सेक्टर-73 में ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 में गोल्डन-आई जैसे व्यावसायिक परिसरों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकता है.
स्कूल और अस्पताल जाने वालों को भी राहत
इस मेट्रो विस्तार से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान बनाने की योजना है. नोएडा सेक्टर-122 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल समेत आसपास के शैक्षणिक संस्थानों तक आने-जाने वाले लोगों को इसका फायदा मिल सकता है. वहीं, अस्पतालों की बात करें तो नोएडा सेक्टर-51 स्थित क्लाउडनाइन हॉस्पिटल, सेक्टर-70 में रामा हॉस्पिटल और सेक्टर-62 में रामा हॉस्पिटल के अलावा कैलाश हॉस्पिटल जैसे प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है.

गौर सिटी की सोसायटियों में रहने वालों को होगा फायदा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास की आवासीय सोसायटियों में रहने वाले लोगों के लिए भी यह परियोजना काफी अहम है. सरकार के मुताबिक, नोएडा सेक्टर-122 की क्लियो काउंटी रेजिडेंसी और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 की गौर सिटी-1 और गौर सिटी-2 जैसी आवासीय परियोजनाओं को इस विस्तार से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इन इलाकों में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं और रोजाना नौकरी या दूसरे कामों के लिए नोएडा, दिल्ली और NCR के दूसरे हिस्सों में जाते हैं. ऐसे में मेट्रो का विस्तार सड़क परिवहन पर उनकी निर्भरता कम करने में मदद कर सकता है.

सड़कों पर जाम कम होगा, प्रदूषण से भी मिलेगी राहत
सरकार को उम्मीद है कि मेट्रो नेटवर्क बढ़ने से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा. अभी बड़ी संख्या में लोग निजी कार, बाइक, कैब और बसों से सफर करते हैं. अगर मेट्रो का इस्तेमाल बढ़ता है तो सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या घट सकती है. इससे ट्रैफिक जाम कम होने के साथ यात्रा में लगने वाला समय भी घट सकता है.
इसके अलावा पर्यावरण के लिहाज से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण है. निजी वाहनों और पेट्रोल-डीजल से चलने वाले परिवहन के मुकाबले मेट्रो का इस्तेमाल बढ़ने से कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिल सकती है. इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण नियंत्रण की कोशिशों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.




