रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन कामयाब, अस्पताल से डिस्चार्ज हुईं नुसरत भरूचा, ठीक होने में लगेगा वक्त

रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन कामयाब, अस्पताल से डिस्चार्ज हुईं नुसरत भरूचा, ठीक होने में लगेगा वक्त

नुसरत भरूचा स्पाइन सर्जरी के बाद अब घर आ गई हैं. गुरुवार को उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई. पर उनकी टीम ने बयान में बताया है कि उन्हें ठीक होने में वक्त लगेगा.

Nushrratt Bharuccha Discharged: फिल्म एक्ट्रेस नुसरत भरूचा रीढ़ की हड्डी (स्पाइन सर्जरी) के सफल ऑपरेशन के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर वापस लौट गई हैं. एक्ट्रेस की टीम ने एक बयान जारी कर बताया है कि ऑपरेशन कामयाब रहा और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. कुछ दिनों पहले बाली में नुसरत एक हादसे का शिकार हो गई थीं, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया था. इस हादसे के बाद नुसरत को एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गाया था.

हादसे के बाद नुसरत भरूचा को बाली के एक अस्पताल में शुरुआती इलाज के लिए भर्ती किया गया. हादसे की गंभीरता पता चलने के बाद उन्हें मुंबई लाया गया था और ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्हें एडमिट किया गया था. मुंबई आने के बाद नुसरत का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वो स्ट्रेचर पर लेटी हुई नज़र आई थीं. ब्रीच कैंडी में नुसरत करीब दो हफ्ते तक रहीं. एक्ट्रेस की टीम के मुताबिक नुसरत को पूरी तरह ठीक होने में वक्त लगेगा.

ब्रीच कैंडी में हुआ सफल ऑपरेशन

नुसरत के ऑपरेशन की जानकारी उनकी टीम ने दी. बयान में कहा गया, “हादसे और उसके बाद बेहद मुश्किल और चैलेंजिंग फेज का सामना करने के बाद, नुसरत भरूचा की स्पाइन सर्जरी कामयाब रही है. हमें ये बताते हुए राहत महसूस हो रही है कि सर्जरी अच्छी रही और उन्हें अब अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है.”