Jailer 2 Box Office: ओपनिंग डे पर रजनीकांत की जेलर 2 की धमाकेदार शुरुआत, लेकिन नहीं तोड़ पाई कुली फिल्म का रिकॉर्ड
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत कर दी है. फिल्म की कमाई के ताजा आंकड़े आ गए हैं. पहले दिन ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
Jailer 2 Opening Day Box Office: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म जेलर 2 ने ओपनिंग डे पर कमाल की शुरुआत की है. ऐसी शुरुआत की उम्मीद रजनीकांत जैसे सुपरस्टार से ही की जा सकती है. जेलर 2 फिल्म ने भारत में तो अच्छी शुरुआत की ही है साथ ही फिल्म ने विदेशों में तो और भी धाकड़ आगाज किया है. फिल्म के ओवरसीज कलेक्शन के आंकड़े चौंकाने वाले हैं. भले ही पहले दिन का ये कलेक्शन बहुत हाई-फाई लग रहा हो लेकिन ये रजनीकांत के लिए आम बात है. उनकी पिछली फिल्म कुली ने भी जोरदार शुरुआत की थी और फिल्म ने करीब 150 करोड़ कमाए थे. उसके मुकाबले तो जेलर 2 जरा पीछे ही रह गई है.
लेकिन कुली फिल्म को खराब वर्ड ऑफ माउथ का नुकसान झेलना पड़ा था और फिल्म की कमाई धीरे-धीरे घटती चली गई थी. लेकिन जेलर 2 मूवी को उसके पहले पार्ट की सफलता का फायदा मिल सकता है. फिल्म से 1000 करोड़ के कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है. उस मुताबिक फिल्म ने बढ़िया कलेक्शन कर लिया है. आइए जानते हैं कि ओपनिंग डे पर दुनियाभर में जेलर 2 ने कितने कमा लिए हैं.
जेलर 2 ने कितने रुपये कमाए?
रजनीकांत की जेलर 2 फिल्म की बात करें तो इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर भारत में 59.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. फिल्म ने तमिल में 43.35 करोड़ कमाए हैं. वहीं इस फिल्म ने तेलुगू में 12.50 करोड़ रुपये कमाए हैं. फिल्म ने हिंदी से 3.50 करोड़ तो वहीं कन्नड़ से 35 लाख का कलेक्शन किया है. वहीं सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक जेलर 2 ने ओपनिंग डे पर ग्रॉस कलेक्शन के आधार पर 70.25 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. वहीं दूसरी तरफ फिल्म को विदेशों से जबरदस्त फायदा मिला है. ओवरसीज कलेक्शन के मामले में इस फिल्म ने एक दिन में ही 55 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. इससे इस फिल्म का ओपनिंग डे का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 125.25 करोड़ रुपये का हो चुका है. फिल्म ने जैसा आगाज किया है अगर इसे ये आगे भी जारी रखती है तो इसे 1000 करोड़ के क्लब में दाखिल होने से कोई नहीं रोक सकता है.
ये भी पढ़ें- OTT पर कहां रिलीज होगी रजनीकांत की जेलर 2? इस डील से ऑडियंस की मौज ही मौज
कुली के कलेक्शन से पिछड़ गई जेलर 2
लेकिन इतना शानदार कलेक्शन करने के बाद भी ये फिल्म कुली मूवी के पहले दिन की कमाई को पीछे नहीं छोड़ सकी. कुली मूवी ने ओपनिंग डे पर रिपोर्ट्स के मुताबिक 151.90 करोड़ रुपये दुनियाभर से कमाए थे. इस लिहाज से जेलर 2 मूवी जरूर काफी पीछे रह गई है. लेकिन पहले दिन फिल्म ने जितना कलेक्शन किया है उसे भी किसी तरह से कम नहीं कहा जा सकता है.
ये फिल्म अगर अपनी इसी कन्सिस्टेंसी को बरकरार रखती है तो इसके लिए 1000 करोड़ का कलेक्शन करना कोई मुश्किल काम नहीं होगा. फिलहाल देखने वाली बात होगी कि जेलर 2 मूवी अपने पहले वीकेंड में कितनी कमाई कर के दिखाती है और इसे फैंस का कैसा रिस्पॉन्स मिलता है.




