सोनू निगम ने माना, कुछ गानों में लेते हैं ऑटो-ट्यून की मदद, बोले- ‘लोग बुरा कहते हैं लेकिन…’
Sonu Nigam: सिंगर सोनू निगम अपनी जादुई आवाज के लिए जाने जाते हैं. लेकिन अब सिंगर ने ऐसा खुलासा कर दिया है, जिसे सुन हर कोई हैरान रह गया है. सोनू ने बताया है कि वो कई बार ऑटो-ट्यून की मदद लेते हैं.
Sonu Nigam: सोनू निगम अपनी दमदार आवाज के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने बॉलीवु़ड में तमाम गाने गाए हैं, जो दर्शकों की जुबां पर ठहर गए हैं. सोनू प्लेबैक सिंगिंग के साथ ही एल्बम और लाइव शोज भी करते हैं. उनकी आवाज इतनी सुरीली है कि हर कोई मदहोश हो जाता है. लेकिन सोनू निगम ने अब एक ऐसा खुलासा कर दिया है, जिसे सुन उनके फैंस भी हैरान हो गए हैं. दरअसल, सोनू ने माना है कि वो अपने कुछ गानों में ऑटो-ट्यून का इस्तेमाल कर चुके हैं. आमतौर पर लोगों का मानना रहा है कि ऑटो-ट्यून का सहारा कम प्रतिभाशाली सिंगर्स लेते हैं, ऐसे में सोनू निगम का यह खुलासा फैंस के लिए हैरान करने वाला है.
हालांकि, सोनू ने समझाया कि आज के दौर में म्यूजिक काफी हद तक डिजिटल हो चुका है. ऐसे में अगर आवाज की पिच बिल्कुल सही न हो तो फाइनल गाने में वह थोड़ी अलग सुनाई दे सकती है. चलिए जान लेते हैं कि सोनू ने क्या कुछ कहा है और ऑटो-ट्यून इस्तेमाल करने के पीछे क्या वजह है.
सोनू निगम ने किया बड़ा खुलासा
सोनू निगम हाल ही में गेम चेंजर्स पॉडकास्ट में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, ऑटो-ट्यून के दौर ने निश्चित रूप से बहुत बदलाव किए हैं. लोग इसके बारे में बहुत कुछ बुरा कहते हैं, लेकिन मैं कहता हूं, जो भी हुआ है अच्छा हुआ है. पहले के समय में आपको बिना ऑटो-ट्यून के गाना पड़ता था और हम खुशकिस्मत हैं कि हमने बिना इसके रियाज किया है. अब हमें इसकी जरूरत नहीं है.
उन्होंने आगे कहा, फिर भी मैं कहूंगा कि मैं अपने कुछ गानों में ऑटो-ट्यून का इस्तेमाल करता हूं. अब सब कुछ 440 पर है, जबकि पहले सब कुछ लाइव होता था. हमारे पास लाइव सारंगी होती थी, लाइव स्ट्रिंग्स होती थीं, इसलिए कहीं न कहीं हमारी पिच का बिल्कुल परफेक्ट होना जरूरी नहीं था. अब सब कुछ डिजिटल हो गया है, सब कुछ एक सीधी लाइन में जा रहा है और अगर आपकी आवाज कच्ची है तो वह अलग सुनाई देगी.
View this post on Instagram
क्यों करते हैं ऑटो-ट्यून का इस्तेमाल
सोनू ने आगे समझाया कि पहले लाइव म्यूजिक के साथ गायक अपनी आवाज को उसी हिसाब से एडजस्ट कर लेते थे. लेकिन आज के डिजिटल म्यूजिक में अगर आवाज और म्यूजिक की पिच में थोड़ा भी अंतर हो तो वह आसानी से सुनाई देने लगता है. हालांकि, सोनू निगम ने ऑटो-ट्यून के इस्तेमाल को लेकर एक जरूरी बात भी कही. उन्होंने कहा, ‘यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन लोगों की आवाज को ठीक करने के लिए इन संसाधनों का इस्तेमाल न करें, जो गा ही नहीं सकते. आप अपनी आवाज का 99 प्रतिशत दें और ऑटो-ट्यून की मदद से उसे 100 प्रतिशत तक ले जाएं.’
उन्होंने यह भी कहा कि कई एक्टर्स अपने गानों में ऑटो-ट्यून का इस्तेमाल करते हैं और अगर वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए ऐसा करते हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है. हालांकि, उनके मुताबिक एक्टर्स को सिंगर्स की जगह नहीं लेनी चाहिए.




