”पूजा करने पर रोक-टोक की…’ तेज प्रताप यादव ने रियलिटी शो में खोला तलाक का कच्चा चिट्ठा, एक्स-वाइफ पर लगाए आरोप!

”पूजा करने पर रोक-टोक की…’ तेज प्रताप यादव ने रियलिटी शो में खोला तलाक का कच्चा चिट्ठा, एक्स-वाइफ पर लगाए आरोप!

Rise And Fall 2: रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में तेज प्रताप यादव ने अपनी शादी टूटने की वजहों पर खुलकर बात की. उन्होंने ऐश्वर्या राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Tej Pratap Yadav Big Revelation: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर अपनी उथल-पुथल भरी वैवाहिक जिंदगी को लेकर सार्वजनिक मंच पर सनसनीखेज खुलासे किए हैं. रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ के टावर में साथी कंटेस्टेंट्स के साथ बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने पूर्व पत्नी ऐश्वर्या राय के साथ हुए विवाद, तलाक की नौबत और शादी के बाद के हालातों पर खुलकर अपनी बात रखी.

तेज प्रताप यादव ने बातचीत में दावा किया कि 2018 में जब उनका विवाह हुआ, तब वे बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके थे और यह शादी उन्होंने पारिवारिक दबाव के चलते की थी. उन्होंने कहा कि अरेंज मैरिज के महज तीन महीने बाद ही दोनों के बीच वैचारिक और जीवनशैली को लेकर गंभीर टकराव शुरू हो गए थे. तेज प्रताप के मुताबिक वो पूजा-पाठ और मंदिर जाने वाले सीधे इंसान हैं, जबकि उनकी बीवी की लाइफस्टाइल यानी जीवनशैली में जमीन-आसमान का फर्क था. उन्हें घर से निकलने नहीं दिया जाता था और पूजा-अर्चना करने पर रोक-टोक की जाती थी. दूसरी तरफ उनकी पत्नी सुबह 4 बजे तक पार्टियां करती थीं.

पत्नी ने उनकी मां पर उठाया था हाथ?

वो कहते दिखे जब-जब हमारे बीच विवाद या झगड़े हुए, मैंने सबूत के तौर पर वीडियो रिकॉर्ड किए और वही सारे फुटेज अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए हैं. तेज प्रताप ने ये भी आरोप लगाया कि विवाद इतना बढ़ गया था कि ऐश्वर्या ने उनकी मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ भी हाथापाई की थी. जिसके गवाह उस वक्त मौजूद विधायक और घर के सीसीटीवी कैमरे बने.

2018 की हाई-प्रोफाइल शादी

गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती और पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय का विवाह 12 मई 2018 को धूमधाम से हुआ था. हालांकि, ये रिश्ता साल भर भी नहीं टिक सका. 2019 के आम चुनाव के आसपास यह घरेलू विवाद सड़कों और थानों तक पहुंच गया था. उस दौरान ऐश्वर्या राय ने राबड़ी आवास के बाहर रोते हुए गंभीर आरोप लगाए थे कि उनके साथ ससुराल में घरेलू हिंसा हुई, बाल खींचकर मारा गया, फोन छीन लिया गया और उन्हें आधी रात को घर से बाहर निकाल दिया गया. ऐश्वर्या के पिता चंद्रिका राय भी परिवार सहित राबड़ी आवास पहुंचे थे और बाद में यह मामला फैमिली कोर्ट पहुंच गया.

ऐश्वर्या के पुराने आरोप

दूसरी तरफ, ऐश्वर्या राय ने भी समय-समय पर तेज प्रताप यादव और उनके परिवार पर गंभीर सवाल दागे थे. जब तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के कथित संबंधों से जुड़े वीडियो और तस्वीरें चर्चा में आए थे, तब ऐश्वर्या ने सार्वजनिक रूप से बयान दिया था कि उन्हें इन बातों की पहले कोई जानकारी नहीं थी. ऐश्वर्या ने सवाल उठाया था कि अगर सब कुछ पहले से पता था, तो फिर मेरी शादी उनसे क्यों कराई गई? मेरी जिंदगी क्यों बर्बाद की गई? जब मेरे साथ अत्याचार हुआ, तब सामाजिक न्याय की दुहाई देने वाले कहां थे?

रियलिटी शो के मंच पर तेज प्रताप यादव द्वारा लगाए गए इन ताजा आरोपों ने एक बार फिर बिहार के इन दो बड़े सियासी परिवारों के बीच के पुराने और कड़वे विवाद को सुर्खियों में ला दिया है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More