UP वालों के लिए खुशखबरी! धनतेरस से छठ तक नहीं कटेगी बिजली, गांव से शहर तक 24 घंटे सप्लाई

UP वालों के लिए खुशखबरी! धनतेरस से छठ तक नहीं कटेगी बिजली, गांव से शहर तक 24 घंटे सप्लाई

यूपी में धनतेरस से छठ पूजा तक बिजली कटौती नहीं होगी. ऊर्जा विभाग ने शहरों से लेकर गांवों तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए हैं. बिजली से जुड़ी समस्याओं के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं.

UP Electricity Supply: उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान लोगों को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा. धनतेरस से लेकर छठ पूजा तक प्रदेश के शहरों और गांवों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी. इसको लेकर ऊर्जा विभाग ने अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं. प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और किसी भी तकनीकी खराबी को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं.

त्योहारों में 24 घंटे मिलेगी बिजली

प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि धनतेरस से छठ पूजा तक प्रदेश में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए. शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए. अगर किसी तकनीकी खराबी या अन्य कारण से बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल बहाल किया जाए. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बिजली की मांग बढ़ने की संभावना रहती है. ऐसे में सभी अधिकारी पहले से तैयारियां पूरी कर लें, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.

ये भी पढे़ं- Ayodhya Deepotsav: अयोध्या दीपोत्सव में बनेगा नया रिकॉर्ड, सरयू तट पर एक साथ 2100 लोग करेंगे महाआरती

मरम्मत के लिए तैयार रहेंगी टीमें

ऊर्जा विभाग ने बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में मरम्मत गैंग तैनात रखने के निर्देश दिए हैं. ये टीमें जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर खराबी को ठीक करेंगी. अधिकारियों और कर्मचारियों को भी हर समय फोन पर उपलब्ध रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जा सके. इसके अलावा ट्रांसफार्मर, फीडर और बिजली के लोड की नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं. इससे ओवरलोडिंग और तकनीकी खराबी की समय रहते पहचान की जा सकेगी.

ढीले तार और झुके बिजली के पोल होंगे ठीक

प्रमुख सचिव ने बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि जहां भी बिजली के तार ढीले हैं या बिजली के पोल झुके हुए हैं, उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए. घरों की छतों के पास से गुजरने वाले बिजली के तारों को भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार व्यवस्थित किया जाए. इसके साथ ही स्कूलों की छतों के ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तारों को तय समय के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम

त्योहारों के दौरान बिजली से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए डिस्कॉम से लेकर जिला स्तर तक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. इन कंट्रोल रूम के जरिए बिजली आपूर्ति और शिकायतों पर नजर रखी जाएगी. बिजली हेल्पलाइन नंबर 1912 की भी लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को कहा गया है कि शिकायत मिलने पर उसका जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए.

मेले और सार्वजनिक आयोजनों पर विशेष नजर

त्योहारों के दौरान लगने वाले मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. ऊर्जा विभाग का जोर सिर्फ निर्बाध बिजली आपूर्ति पर ही नहीं, बल्कि बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने पर भी है. इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार का प्रयास है कि धनतेरस से छठ पूजा तक प्रदेश के लोगों को बिना किसी रुकावट के बिजली मिले और त्योहारों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

सफी अहमद
सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है. सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More