Hanuman Ansh के 400 करोड़ी धमाके के बाद सोनी टीवी का मास्टरस्ट्रोक! अब नीम करोली बाबा पर आ रहा नया शो, टीजर आउट

Hanuman Ansh के 400 करोड़ी धमाके के बाद सोनी टीवी का मास्टरस्ट्रोक! अब नीम करोली बाबा पर आ रहा नया शो, टीजर आउट

Neem Karori Baba: 'हनुमान अंश' की 400 करोड़ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद सोनी टीवी नीम करोली बाबा पर नया शो ला रहा है. टीजर रिलीज हो चुका है. जानें कब तक ये शो ऑन-एयर हो सकता है.

Neem Karori Baba TV Show: मनोरंजन की दुनिया का एक सीधा और पुराना नियम है कि जब भी बॉक्स ऑफिस पर कोई विषय इतिहास रचता है या कोई ट्रेंड जोर पकड़ता है, तो उसका असर टीवी और ओटीटी के गलियारों तक जरूर पहुंचता है. अगर कोई फिल्म थिएटर्स में तहलका मचाती है तो मेकर्स उस जॉनर को टीवी सीरियल्स और सीरीज में ढालने के लिए दौड़ पड़ते हैं. हाल ही में थिएटर में आई फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने जब बॉक्स ऑफिस पर करीब 400 करोड़ का बंपर कारोबार कर सबको हिलाकर रख दिया, तो तय था कि भक्ति और अध्यात्म का यह नया सैलाब छोटे पर्दे पर भी दस्तक देगा.

अब इसी जबरदस्त ट्रेंड को भुनाते हुए सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने सबसे बड़ा पत्ता फेंक दिया है. सोनी टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘सोनी लिव’ पर कलयुग के महान संत और भगवान हनुमान के परम भक्त ‘नीम करोली बाबा’ पर आधारित एक भव्य सीरियल का आधिकारिक ऐलान हो चुका ह. यूट्यूब पर चैनल ने इसका पहला टीजर भी रिलीज कर दिया है, जिसके सामने आते ही इंटरनेट पर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

कब शुरू होगा शो? कास्टिंग और प्री-प्रोडक्शन जोरों पर

आधिकारिक टीजर में ‘कमिंग सून’ के साथ इस शो की झलक तो मिल गई है, लेकिन हर किसी के मन में सवाल है कि यह शो दर्शकों के ड्राइंग रूम में कब से पहुंचेगा? टीवी9 हिंदी डिजिटल को सूत्रों से मिली अंदरूनी जानकारी के मुताबिक, चैनल और प्रोडक्शन हाउस ने इस प्रोजेक्ट पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. सूत्रों का कहना है कि शो का प्री-प्रोडक्शन और कास्टिंग प्रोसेस युद्धस्तर पर चल रहा है.अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ा, तो ये शो इसी महीने के अंत तक या फिर अगले महीने की शुरुआत में छोटे पर्दे पर ऑन-एयर कर दिया जाएगा. मेकर्स बहुत जल्द मुख्य किरदारों के चेहरों और फाइनल लॉन्च डेट से आधिकारिक तौर पर पर्दा हटाने वाले हैं.

‘साईं बाबा’ के बाद अब कैंची धाम का आध्यात्मिक सफर

सोनी टीवी के लिए भक्ति और संतों की जीवन गाथा कोई नया प्रयोग नहीं है. चैनल का इतिहास गवाह है कि उसके पास ऐसी कहानियों को पसंद करने वाली एक बेहद वफादार ऑडियंस मौजूद है. सालों पहले सोनी टीवी पर आया ‘मेरे साईं – श्रद्धा और सबूरी’ धारावाहिक इसका सबसे बड़ा सबूत है. साईं बाबा पर बना वह शो दर्शकों के बीच इतना ब्लॉकबस्टर रहा था कि सालों तक टीआरपी का मजबूत स्तंभ बना रहा. हालांकि बाद में जब मेकर्स ने नई कास्ट के साथ साईं बाबा के नए अध्याय को पेश किया, तो वह पहले जैसा करिश्मा नहीं दोहरा सका.

लेकिन अब जब ‘हनुमान अंश’ के 400 करोड़ के कलेक्शन ने साबित कर दिया है कि आज की ऑडियंस अध्यात्म और अपनी जड़ों से जुड़ी कहानियों को सिर-आंखों पर बिठाने के लिए बेताब है, तो सोनी टीवी ने उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध ‘कैंची धाम’ के संस्थापक महाराज जी के जीवन को पर्दे पर उतारने का मास्टरस्ट्रोक खेल दिया है.

स्टीव जॉब्स से लेकर विराट-अनुष्का तक… आस्था का वो केंद्र

नीम करोली बाबा को उनके करोड़ों श्रद्धालु भगवान हनुमान का साक्षात रूप मानते हैं. उनके चमत्कारों, सादगी और आध्यात्मिक प्रभाव का डंका केवल भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बजता है. एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स से लेकर मार्क जुकरबर्ग, हॉलीवुड स्टार जूलिया रॉबर्ट्स और भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली-अनुष्का शर्मा तक… दुनियाभर के दिग्गज बाबा के कैंची धाम आश्रम में सिर झुका चुके हैं. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि 400 करोड़ी ‘हनुमान’ ट्रेंड की लहर पर सवार होकर आने वाला ये नया शो टीवी के टीआरपी चार्ट्स पर क्या नया इतिहास रचता है!

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More