बिग बॉस ने दोस्त को दोस्त से भिड़ाया, कौन हुआ सेल्फिश और किसने दी कुर्बानी? जानिए ​

बिग बॉस ने दोस्त को दोस्त से भिड़ाया, कौन हुआ सेल्फिश और किसने दी कुर्बानी? जानिए ​

Bigg Boss 20 Nominated Contestant List: बिग बॉस 20 के लेटेस्ट नॉमिनेशन में सिर्फ 3 लोग बच पाए और बाकी पूरा घर डेंजर जोन में आ गया. जानिए किसने दी अपनी कुर्बानी और किसकी जिद ने डुबोई दोनों की लुटिया.

Bigg Boss 20 Nominated Contestant List: ‘बिग बॉस’ के घर में जब तक नॉमिनेशन का चाबुक नहीं चलता, तब तक सब ‘भाई-भाई’ और ‘सच्चे दोस्त’ बने रहते हैं. लेकिन जैसे ही गले पर एलिमिनेशन की तलवार लटकती है, तो अच्छे-अच्छों के नकाब उतर जाते हैं. सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस 20 के लेटेस्ट एपिसोड में बिग बॉस ने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि दोस्ती और वफादारी के सारे दावे हवा हो गए. एक ऐसा टास्क, जहां दोस्त को दोस्त से भिड़ा दिया गया और नतीजा ऐसा निकला कि कैप्टन समेत महज तीन सदस्य सुरक्षित रह पाए, जबकि बाकी पूरा का पूरा घर सीधे नॉमिनेट हो गया. अगर आप सोच रहे हैं कि ये कैसे हुआ, तो आइए जानते हैं कि इस खूनी नॉमिनेशन टास्क में कौन सेल्फिश बना और किसने कलेजे पर पत्थर रखकर अपनी कुर्बानी दे दी.

बिग बॉस ने घर के कैप्टन कुशल तंवर उर्फ गुल्लू को तो कैप्टंसी के विशेषाधिकार के चलते सेफ रखा, लेकिन बाकी घरवालों को दो-दो की जोड़ियों में एक्टिविटी एरिया में बुलाकर एक सख्त फरमान सुना दिया. नियम बिल्कुल साफ था, हर जोड़ी को 10 मिनट के अंदर आपसी सहमति से तय करना था कि कौन सेफ रहेगा और कौन नॉमिनेट होगा. अगर घड़ी की सुई 10 मिनट पार कर गई और फैसला नहीं हुआ, तो बिग बॉस दोनों को ही सीधे डेंजर जोन में धकेल देंगे.

माही विज और स्काउट ने दी कुर्बानी

इस पूरे ड्रामे में दो चेहरों ने अपनी दरियादिली से सबका दिल जीत लिया. जब माही विज और अरिश्फा खान आमने-सामने बैठीं, तो माही ने बिना किसी झिझक के बड़ा दिल दिखाया. माही ने शुरुआत में कहा था कि अरिश्फा की सोशल मीडिया फैन फॉलोइंग बहुत मजबूत है और जनता उन्हें बचा लेगी. लेकिन जब अरिश्फा नहीं मानीं तब माही ने खुद अपनी गर्दन फंसाते हुए अरिश्फा को सेफ कर दिया.

वहीं, दूसरी तरफ गेमिंग स्टार स्काउट ने भी अपने दोस्त आसिफ खान के लिए खुद को कुर्बान करने का फैसला किया. स्काउट ने आगे बढ़कर नॉमिनेशन अपने सिर ले लिया और आसिफ को सुरक्षित बाहर निकाल दिया.

अहंकार और स्वार्थ की भेंट चढ़ीं बाकी जोड़ियां

लेकिन हर कोई माही या स्काउट जैसा दिलदार नहीं था. बाकी जोड़ियों में ‘पहले तू या पहले मैं’ का ऐसा अहंकार टकराया कि दोनों ही गड्ढे में जा गिरे.

  • रीति तिवारी Vs आम्रपाली: दोनों ही अपनी जिद पर अड़ी रहीं. कोई भी झुकने को तैयार नहीं था, नतीजा ये हुआ कि 10 मिनट खत्म हो गए और बिग बॉस ने दोनों को सीधे नॉमिनेट कर दिया.
  • काजी Vs उदिती सिंह: यहां तो सिर्फ तीखी बहस और तकरार देखने को मिली. आपसी तालमेल का नामोनिशान नहीं था, जिसका खामियाजा दोनों को भुगतना पड़ा और दोनों डेंजर जोन में चले गए.
  • अमन Vs कनिका मान: यहां भी दोनों में से किसी ने पीछे हटने की जहमत नहीं उठाई. नतीजा वही, दोनों नॉमिनेट हो गए.

इसके अलावा लव, मैरी कॉम और यंग डीएसए भी टास्क के इस पेच में ऐसे उलझे कि अपनी जगह सुरक्षित नहीं रख पाए.

सिर्फ 3 सेफ, बाकी सब पर लटकी तलवार

जब टास्क खत्म हुआ और बिग बॉस ने फाइनल लिस्ट का ऐलान किया, तो घरवालों के चेहरे की हवाइयां उड़ गईं. पूरे घर में सिर्फ कैप्टन गुल्लू, माही की बदौलत अरिश्फा खान और स्काउट की बदौलत आसिफ खान ही सुरक्षित बच पाए. बाकी पूरा घर यानी रीति तिवारी, आम्रपाली, माही विज, काजी तौकी, उदिती सिंह, स्काउट ओपी, अमन, कनिका मान, लव, मैरी कॉम और यंग डीएसए का नाम नॉमिनेशन की आग में झुलस चुका है. अब देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड का वार पर जनता इन ‘सेल्फिश’ खिलाड़ियों को सबक सिखाती है या फिर कुर्बानी देने वाले सितारे ही इस चक्रव्यूह में फंस जाते हैं.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More