अगर उसने नमाज नहीं पढ़ी तो… बसीर अली का खुलासा, इस्लाम कबूलने को तैयार थी एक्स-गर्लफ्रेंड, क्यों हुआ ब्रेकअप?

अगर उसने नमाज नहीं पढ़ी तो… बसीर अली का खुलासा, इस्लाम कबूलने को तैयार थी एक्स-गर्लफ्रेंड, क्यों हुआ ब्रेकअप?

'बिग बॉस 19' के कंटेस्टेंट रहे बसीर अली ने खुलासा किया कि उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड उनके लिए इस्लाम अपनाने को तैयार थी, लेकिन मजहब के नियमों की वजह से बसीर ने ब्रेकअप कर लिया.

Baseer Ali And His Girlfriend Breakup Reason: ‘एमटीवी रोडीज’, ‘स्प्लिट्सविला’ से लेकर ‘बिग बॉस’ तक, टीवी की दुनिया में अपनी धाक जमाने वाले एक्टर और रिएलिटी शो स्टार बसीर अली अक्सर अपने बेबाक बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं. लेकिन हाल ही में बसीर ने अपनी निजी जिंदगी, पास्ट रिलेशनशिप और मजहब को लेकर एक ऐसा खुलासा किया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. बसीर ने बताया कि वो कभी एक ऐसी गैर-मुस्लिम लड़की से बेइंतहा प्यार करते थे, जो उनके खातिर अपना धर्म छोड़कर इस्लाम कबूल करने तक को तैयार थी. हालांकि, बसीर ने खुद उस रिश्ते को खत्म कर दिया और ब्रेकअप की जो वजह उन्होंने बताई, वो इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय है.

एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में बसीर अली ने अपने पुराने रिश्ते के दिनों को याद करते हुए दिल का दर्द साझा किया. बसीर ने कहा, “मेरी जिंदगी में भी एक-दो बार ऐसे मोड़ आए, जब मुझे किसी से बहुत गहरा लगाव हुआ. मैं उन्हें दिल से चाहने लगा था. लेकिन वो लड़की मुस्लिम नहीं थी. कुछ समय बाद मुझे शिद्दत से ये एहसास हुआ कि मेरा उस इंसान के साथ कोई मुकम्मल भविष्य नहीं है.” बसीर ने आगे बताया कि उस लड़की ने बेहद ईमानदारी से उनसे कहा था कि मैं तुम्हारे लिए इस्लाम अपनाने के लिए पूरी तरह तैयार हूं.

बसीर ने बताई ब्रेकअप की असल वजह

लड़की के धर्म बदलने को राजी होने के बाद भी अलग होने का फैसला क्यों किया? इस पर बसीर अली ने मजहबी नियमों और अपनी सोच का हवाला देते हुए बेहद चौंकाने वाली बात कही. बसीर ने कहा कि मान लीजिए उन्होंने इस्लाम कबूल कर भी लिया, ठीक है. लेकिन अगर उस इंसान ने उस पल के बाद से दिल से इस्लाम को गले नहीं लगाया, पाबंदी से नमाजें नहीं पढ़ी और मजहब के नियमों व कायदों का सही तरीके से पालन नहीं किया तो उसके बाद उसके जितने भी गुनाह होंगे, वो सीधे मेरे खाते में लिखे जाएंगे. मैं ये बोझ अपने सिर नहीं ले सकता था.

बसीर का मानना था कि सिर्फ किसी इंसान को पाने के लिए धर्म परिवर्तन कर लेना काफी नहीं होता, बल्कि उस धर्म की जिम्मेदारियों को निभाना पड़ता है. उन्हें लगा कि वो लड़की शायद इस्लाम के नियमों और जिम्मेदारियों को पूरी तरह नहीं निभा पाएगी और इसका धार्मिक गुनाह उनके सिर आ जाएगा, इसलिए उन्होंने अलग होना ही बेहतर समझा.

ये भी पढ़ें-

नीम करौली बाबा के कैंची धाम जाने का है प्लान? हनुमान अंश के डायरेक्टर ने दी ये सलाह

झूठ की विजय और सत्य पराजित! एंटी हीरो बन अजय देवगन ने कैसे जीता दिल! The End कैसा लगा?

हैदराबाद की गलियों से बने रिएलिटी टीवी स्टार

हैदराबाद में जन्मे और पले-बढ़े बसीर अली की परवरिश उनकी सिंगल मदर ने की है. बचपन से ही फुटबॉल और बास्केटबॉल के शौकीन रहे बसीर ने सेंट मैरी कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरी की. एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में बसीर की एंट्री साल 2017 में ‘एमटीवी रोडीज राइजिंग’ से हुई थी, जहां वो अपने दमदार खेल के दम पर रनर-अप रहे. उसी साल उन्होंने ‘स्प्लिट्सविला 10’ में हिस्सा लिया और नैना सिंह के साथ शो की ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया. इसके बाद ‘ऐस ऑफ स्पेस 2’ और कई बड़े टीवी शोज के जरिए वो रियलिटी टीवी का एक बड़ा और चर्चित चेहरा बन गए.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More