IPL 2027: मुंबई इंडियंस का ऐतिहासिक यू-टर्न, रोहित शर्मा को फिर बनाया कप्तान

IPL 2027: मुंबई इंडियंस का ऐतिहासिक यू-टर्न, रोहित शर्मा को फिर बनाया कप्तान

Mumbai Indians New Captain: मुंबई इंडियंस ने अपने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है. रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई है. उनकी कप्तानी में मुंबई ने 5 बार खिताब जीता है.

Mumbai Indians New Captain, IPL 2027: आईपीएल 2027 से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने एक ऐसा बड़ा फैसला लिया है, जिसका इंतजार करोड़ों क्रिकेट फैंस पिछले तीन सालों से कर रहे थे. फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर अपने सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा को टीम की कमान सौंपने का ऐलान कर दिया है. हाल ही में टीम के पिछले कप्तान हार्दिक पंड्या को एक ब्लॉकबस्टर ट्रेड डील के तहत पंजाब किंग्स में भेजने और बदले में स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल करने के बाद से ही नए कप्तान को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था, जिस पर अब मुहर लग गई है.

रोहित शर्मा की कप्तानी पर फिर जताया भरोसा

साल 2024 के सीजन से ठीक पहले मुंबई इंडियंस ने 11 सीजन तक कप्तानी करने वाले रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पंड्या को नया कप्तान नियुक्त किया था, लेकिन फ्रेंचाइजी का यह दांव उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेले गए तीन सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा और टीम दो बार प्लेऑफ में भी जगह बनाने में नाकाम रही.पिछले सीजन यानी IPL 2026 में मुंबई की टीम 14 लीग मैचों में से 4 जीत के साथ 10 टीमों की पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर रही थी, जिससे छठे खिताब का इंतजार और लंबा हो गया.

इसके बाद टीम मैनेजमेंट और नए हेड कोच कीरोन पोलार्ड के नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए हार्दिक पंड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया गया. ऐसे में बिखरी हुई टीम को फिर से एक सूत्र में पिरोने के लिए मुंबई इंडियंस ने दोबारा अनुभवी रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है.