JDU की बैठक में MLC चुनाव में हार पर मंथन, निशांत कुमार को डिप्टी CM बनाने की मांग
बिहार MLC चुनाव में तीन सीटों पर हार के बाद JDU ने समीक्षा बैठक की. इस अवसर पर उम्मीदवारों ने BJP को भी जिम्मेदार ठहराया, वहीं बैठक में निशांत कुमार को डिप्टी CM बनाने की मांग उठी.
जदयू ने बिहार में MLC चुनाव में हार की समीक्षा की. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में बुलाई गई इस समीक्षा बैठक में जदयू के तीन हारे हुए उम्मीदवारों में से दो ने अपनी हार के लिए भाजपा को भी जिम्मेदार ठहराया. इस बैठक में कुछ नेताओं ने नीतीश के बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाने के लिए भी नारे लगाए.
संजय झा ने कहा कि जिनके पिता 21 वर्षों तक मुख्यमंत्री और 16 वर्षों तक केंद्रीय मंत्री सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर रहे, इसके बावजूद निशांत ने हमेशा सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत किया. जब पार्टी को निशांत की आवश्यकता महसूस हुई, तब उन्हें पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई. उन्होंने जब से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व संभाला है, तब से विभाग में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं.
निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाने के लिए लगे नारे
उन्होंने कहा कि निशांत कुमार एक शुद्ध हृदय के व्यक्ति हैं. वे जनसेवा के प्रति पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ही भांति समर्पित हैं. उन्होंने कहा कि अपने दृढ़ निश्चय और सरल व्यवहार से निशांत कुमार बिहार के विकास का एक नया अध्याय लिख रहे हैं. जनसेवा के प्रति उनकी तत्परता और समर्पण दर्शाता है कि वे बिहार के उज्ज्वल भविष्य हैं.
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह फैसला किया गया कि MLC चुनाव में जिन नेताओं ने पार्टी विरोधी काम किया है. उनके निष्कासन पर जल्द फैसला होगा.
बता दें कि बैठक में चुनाव जीतने एवं हारने वाले उम्मीदवारों को बुलाया गया था. इसके साथ ही जिन जिलों में मतदान हुए थे. उनके जिलाध्यक्षों को भी बैठक में बुलाया गया था. विधान परिषद की चार सीटों में से जनता दल यूनाइटेड को केवल पटना स्नातक सीट पर ही विजय मिली है. बाकी तीन सीटों पर पार्टी पर पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा है. बैठक में हार के कारणों, संगठन की कमजोरियों एवं चुनाव के दौरान नेताओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई.
नीतीश कुमार ने आम लोगों की सुनी फरियाद
बैठक से पहले भाजपा से रिश्ते को लेकर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने साफ कर दिया कि भाजपा से पार्टी का गठजोड़ फेविकोल की तरह है.
इससे पहले नीतीश कुमार ने आम लोगों से अपने आवास पर मुलाकात की. फेसबुक पोस्ट में लिखा, जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार की यह कार्यसंस्कृति उन्हें एक जनस्वीकार्य नेता के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाती है.
इसी क्रम में आज उन्होंने 7, सर्कुलर रोड स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से आत्मीय भेंट की, उनका कुशल-क्षेम जाना और सभी का उत्साहवर्धन किया.
ये भी पढ़ें- सॉफ्टवेयर इंजीनियर से मंत्री तक… नीतीश के बेटेनिशांत कुमारका सफर




