KBC 18: अमिताभ बच्चन के साथ CWG 2026 के चैंपियंस, हॉटसीट पर सुनाई संघर्ष से शिखर की दास्तान
'कौन बनेगा करोड़पति 18' के स्पेशल एपिसोड में अमिताभ बच्चन के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG 2026) के पदक विजेता हॉटसीट पर नजर आए. मेकर्स का मानना है कि ये एपिसोड सबसे अलग है.
Kaun Banega Crorepati 18: सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ का लेटेस्ट एपिसोड बेहद खास है. 17 अगस्त को ऑन एयर हुए एपिसोड में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG 2026) में तिरंगा लहराने वाले देश के चार बड़े चैंपियंस हॉटसीट पर बैठे नजर आए. जी हां, मंच पर जूडो में भारत को ऐतिहासिक गोल्ड मेडल दिलाने वाली अस्मिता डे, पैरा-एथलेटिक्स में गोल्ड जीतने वाली शर्मिला धनकड़, 75 किग्रा बॉक्सिंग में सिल्वर मेडल जीतने वाली लवलीना बोरगोहेन और मेंस हैवीवेट पैरा-पावरलिफ्टिंग में पदक जीतने वाले झंडू कुमार नजर आए.
त्रिपुरा के एक साधारण मिट्टी के घर से निकलकर इतिहास रचने वाली अस्मिता डे शो के दौरान अपने पुराने दिनों को याद करते हुए नजर आईं. उन्होंने बताया कि बचपन में रोज शाम को परिवार के साथ केबीसी देखना उनके घर का एक नियम जैसा था. अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर भावुक होते हुए अस्मिता ने कहा, “मैं अक्सर टीवी स्क्रीन को देखकर सोचती थी कि अमिताभ बच्चन सर के साथ एक ही कमरे में होना कैसा लगता होगा, और आज इस मंच पर उनके ठीक बगल में खड़े होना किसी सपने जैसा लगता है. जूडो में मैट पर हर सेकंड संतुलन, फोकस और सालों के शांत अनुशासन की जरूरत होती है. अपने खेल और अपने सफर की कहानी को केबीसी जैसे मंच पर लाना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है.”
अंधेरे में लड़ी लड़ाइयों को पहचान देता है केबीसी
पैरा-एथलीट शर्मिला धनकड़ ने बताया कि एक पैरा-खिलाड़ी के तौर पर सालों तक बिना किसी चकाचौंध के अकेले ही शारीरिक और सामाजिक मुश्किलों से लड़ना पड़ता है. उन्होंने कहा, “केबीसी में बुलाया जाना हमारे उन तमाम अनदेखे संघर्षों का राष्ट्रीय स्तर पर जश्न मनाने जैसा है. अमिताभ बच्चन सर से बात करके ऐसा लगा जैसे कोई भी संघर्ष कभी बेकार नहीं जाता.”
ये भी पढ़ें-
न आवारापन 2, न बंटवारा 1947 रवीना टंडन ने मार ली बाजी, फिल्म ने 3 दिन में छापे 110 करोड़
पहले वीकेंड ही फुस्स हुई सनी देओल की बंटवारा 1947, 4 हिट्स के बाद क्या विजय रथ पर लगेगा विराम?
बॉक्सिंग रिंग से ज्यादा मुश्किल हॉटसीट
स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने हॉटसीट के अनुभव को एकदम अलग बताया. लवलीना ने कहा, “मुझे लगता था कि दुनिया में ओलंपिक बॉक्सिंग रिंग में उतरने के प्रेशर की कोई बराबरी नहीं कर सकता, लेकिन जब मैं अमिताभ सर के सामने हॉटसीट पर बैठी, तो लगा कि ये दिमाग की बिल्कुल अलग परीक्षा है. रिंग में आप अपने मसल और दिमाग के दम पर लड़ते हैं, लेकिन यहां आपकी सूझबूझ परखी जाती है.” इसके साथ ही पैरा-पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने भी अपनी ट्रेनिंग के मुश्किल दिनों को याद करते हुए कहा कि बिग बी के मुंह से अपनी मेहनत की तारीफ सुनना रोंगटे खड़े कर देने वाला पल है.




