‘हम कृति सेनन के साथ हैं, स्टाफ की सुरक्षा के लिए हटाया ऐड…’ रक्षाबंधन विज्ञापन विवाद पर GIVA के फाउंडर का बयान
कृति सेनन के रक्षाबंधन ऐड विवाद पर अब ब्रांड के संस्थापक का एक बयान आया है. उनका कहना है कि हम अब भी कृति सेनन के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से विज्ञापन हटाया गया था.
Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad Controversy: कृति सेनन के रक्षाबंधन के एक विज्ञापन पर भारी विवाद हुआ. ऐड में पहनी गई उनकी ड्रेस को लेकर उन्हें काफी ट्रोल किया गया. मामला इतना बढ़ गया था कि 26 अगस्त को ज्वेलरी ब्रांड जीवा ने अपना ऐड वापस ले लिया. अब जीवा के फाउंडर इशेंद्र अग्रवाल का एक बयान है. उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी के कुछ स्टोर्स के आसपास हालात बिगड़ रहे थे. ऐसे में ऑन-ग्राउंड स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए कंपनी ने विज्ञापन हटाने का फैसला किया था.
29 अगस्त को कंपनी के ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए उनका बयान शेयर किया गया है. बयान में ये भी कहा गया कि कंपनी अब भी कृति सेनन के साथ खड़ी है. बयान में इशेंद्र अग्रवाल ने लिखा, “मैं कृति के साथ हमारे रक्षाबंधन कैंपेन को लेकर हो रही चर्चाओं पर नजर बनाए हुए हूं, खासकर उस सोच पर कि हम इस कैंपेन या इसके पीछे के मैसेज के साथ खड़े नहीं रहे. मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि इस कैंपेन के पीछे जो सोच थी, उस पर हमारा भरोसा अब भी वैसा ही है. ये कैंपेन कृति के साथ मिलकर बनाया गया था और इसमें रक्षाबंधन को ऐसे मनाने की सोच झलकती थी, जिससे परिवार एक साथ आ सकें. इस कैंपेन के पीछे की सोच और भावना को लेकर हम अब भी पूरी तरह से कृति के साथ हैं.”
वीडियो हटाए जाने पर क्या बोले इशेंद्र अग्रवाल?
बयान में उन्होंने आगे लिखा, “वीडियो को हटाने का फैसला तुरंत इसलिए लिया गया था, क्योंकि हमारे कुछ स्टोर्स के आसपास स्थिति बिगड़ने लगी थी, जिससे हमारे ऑन-ग्राउंड स्टाफ के लिए असुरक्षित माहौल पैदा हो गया था. उस समय हमारी पहली जिम्मेदारी अपने ऑन-ग्राउंड लोगों और स्टोर की सुरक्षा सुनिश्चित करना था. मैं कभी नहीं चाहूंगा कि उन्हें कोई नुकसान पहुंचे.” आखिर में उन्होंने कहा, “सभी को रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं.”
View this post on Instagram
ये भी पढ़ें-
Don No. 1 और Mass नागार्जुन की वो 2 फिल्में जिन्होंने TV पर खूब किया राज, OTT पर कहां देख सकते हैं?
कृति सेनन ने ट्रोलिंग पर क्या कहा था?
बता दें कि ट्रोलिंग के बाद कृति सेनन का भी बयान आया था. उन्होंने विवाद पर कहा था कि अपनी संस्कृति को लेकर किसी महिला के सम्मान को आप उसके कपड़ों से नहीं नाप सकते हैं. उन्होंने लिखा था, “त्योहारों का असली मतलब आपके पहने गए कपड़ों में नहीं होता है, बल्कि उन भावनाओं और उस मायने में होता है, जो परंपराओं के लिए आपके दिल में हैं.”




