लोकसभा स्पीकर ने आगा रुहुल्लाह का इस्तीफा किया मंजूर, खाली हुई श्रीनगर की सीट

लोकसभा स्पीकर ने आगा रुहुल्लाह का इस्तीफा किया मंजूर, खाली हुई श्रीनगर की सीट

नेशनल कॉन्फ्रेंस लीडरशिप के साथ चल रहे तीखे गतिरोध को खत्म करते हुए श्रीनगर के सांसद आगा रूहुल्लाह ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया था और अब लोकसभा स्पीकर ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है.

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. रुहुल्लाह ने पार्टी नेतृत्व के साथ मतभेदों के चलते 3 नवंबर को अपनी संसदीय सीट और नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है, ‘श्रीनगर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के निर्वाचित सदस्य आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया है. अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा 3 नवंबर, 2026 से प्रभावी मानते हुए स्वीकार कर लिया है’.

दरअसल, नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) नेतृत्व के साथ चल रहे कड़े गतिरोध को खत्म करते हुए रुहुल्लाह ने मंगलवार को लोकसभा और पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने पार्टी पर लोगों की उम्मीदों के साथ धोखा करने और जम्मू-कश्मीर के अधिकारों की बहाली के लिए संघर्ष छोड़ने का आरोप लगाया था. अपने इस्तीफे में रूहुल्लाह ने कहा था कि साल 2019 में आर्टिकल 370 और 35A हटाए जाने के बाद उन्होंने NC के साथ और ज्यादा मजबूती से जुड़ाव महसूस किया, उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी लोगों के अधिकारों की बहाली के लिए एक आंदोलन चलाएगी.

उन्होंने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को मिले भारी जनादेश से लोगों की उम्मीदें बढ़ गई थीं, लेकिन आरोप लगाया कि NC ने बाद में अपना राजनीतिक रुख बदल लिया. रूहुल्लाह ने आगे कहा था कि उन्हें इस बात से खास तौर पर दुख हुआ कि पार्टी अधिकारों के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाने में नाकाम रही. उन्होंने यह भी कहा कि इसके बजाय पार्टी ने शासन पर ध्यान दिया और जिसे उन्होंने राज्य का दर्जा बहाल करने का एक अस्पष्ट वादा कहा.

सीएम उमर अब्दुल्ला पर बोला हमला

वहीं, अपने पिता आगा सैयद मेहदी (जिनकी 2000 में हत्या कर दी गई थी) की 26वीं पुण्यतिथि पर बडगाम में एक सभा को संबोधित करते हुए रुहुल्लाह ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और NC अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोला. उन्होंने पार्टी छोड़ने को एक ‘धोखेबाज और भ्रष्ट संगठन’ से ‘आजादी का फरमान’ करार दिया.

लोकसभा में तीन सीटें हो गईं खाली

रुहुल्लाह के इस्तीफे के बाद अब लोकसभा में तीन सीटें खाली हो गई हैं. बाकी दो सीटें मेघालय के शिलांग और पश्चिम बंगाल के बशीरहाट की हैं, जो वहां के सांसदों रिकी एंड्रयू जे. सेंगकोन (शिलांग) और हाजी नूरुल इस्लाम (बशीरहाट) के निधन के कारण खाली हुई थीं.

ये भी पढ़ें: राजनीतिक व्यंग्य के नाम पर गरिमा को ठेस पहुंचाना गलत… HC का AAP से CM रेखा के फेक वीडियो हटाने का आदेश

सोनू शर्मा
सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.

Read More