लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे इस तारीख से हो सकता है शुरू, जानें कितना देना होगा टोल, 45 मिनट में तय होगी दूरी
Kanpur-Lucknow Expressway: लखनऊ-कानपुर के बीच बन रहा 6-लेन एक्सप्रेसवे लगभग तैयार है, जिसके 24 मई को शुरू होने की उम्मीद है. 120 किमी/घंटा की अधिकतम रफ्तार वाले इस 63 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर से दोनों शहरों के बीच का सफर सिर्फ 45 मिनट का रह जाएगा. NHAI ने इसके लिए टोल दरें भी निर्धारित कर दी हैं.
Lucknow News: अगर आप उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और औद्योगिक नगरी कानपुर के बीच अक्सर सफर करते हैं, तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर है. इन दोनों बड़े शहरों के बीच लंबे समय से किया जा रहा एक्सप्रेसवे का इंतजार अब खत्म होने वाला है. लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का काम लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही आम जनता के लिए इसे खोल दिया जाएगा. वर्तमान में लोगों को लखनऊ से कानपुर जाने के लिए नेशनल हाईवे-27 (NH-27) का इस्तेमाल करना पड़ता है. इस रूट पर भारी ट्रैफिक जाम और सड़क खराब होने के कारण 94 किलोमीटर की इस दूरी को तय करने में ढाई से तीन घंटे का लंबा समय लग जाता है. लेकिन नया एक्सप्रेसवे शुरू होते ही लोगों को इस थका देने वाले जाम और समय की बर्बादी से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी.
63 किलोमीटर लंबा यह नया एक्सप्रेसवे एक 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे है. इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि दोनों शहरों के बीच प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स को बेहद आसानी से जोड़ा जा सके. सबसे खास बात इस कॉरिडोर की स्पीड लिमिट है. इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है. इस हाई-स्पीड कॉरिडोर की बदौलत लोग लखनऊ से कानपुर की दूरी महज 30 से 45 मिनट में ही तय कर लेंगे. इसके अलावा यह एक्सप्रेसवे मौजूदा कानपुर-लखनऊ हाईवे और उन्नाव-लालगंज (रायबरेली) हाईवे से भी सीधे कनेक्ट हो जाएगा, जिससे अन्य शहरों में जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी.
ये भी पढ़ें: UP SCR का महाप्लान: 6-लेन का सर्कुलर एक्सप्रेसवे बदलेगा लखनऊ और इन 5 जिलों की सूरत, देखें रूट मैप
एनएचएआई (NHAI) ने तय की टोल दरें
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस एक्सप्रेसवे के लिए टोल टैक्स की दरें भी जारी कर दी हैं. अलग-अलग वाहनों के लिए टोल की दरें इस प्रकार तय की गई हैं:
- लाइट कमर्शियल वाहन (LCV): एक तरफ का टोल 445 रुपये और आने-जाने (रिटर्न) का 670 रुपये होगा.
- बस और ट्रक: एक तरफ का टोल 935 रुपये और दोनों तरफ का कुल टोल 1,405 रुपये तय किया गया है.
- हेवी कमर्शियल वाहन: एक तरफ के सफर के लिए 1,020 रुपये और आने-जाने के लिए 1,530 रुपये का भुगतान करना होगा.
24 मई को हो सकता है उद्घाटन
इस एक्सप्रेसवे को शुरू करने की शुरुआती तारीख पहले 21 अप्रैल तय की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों और बचे हुए कामों की वजह से इसमें बदलाव करना पड़ा. अब ताजा मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के मुताबिक, इस बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को आगामी 24 मई को आम जनता के यातायात के लिए शुरू किया जा सकता है.



