KBC 18: बाबूजी से पूछा मुझे पैदा क्यों किया? अमिताभ बच्चन का नॉस्टैल्जिया, कंटेस्टेंट प्रगति के सामने खुली यादों की किताब

KBC 18: बाबूजी से पूछा मुझे पैदा क्यों किया? अमिताभ बच्चन का नॉस्टैल्जिया, कंटेस्टेंट प्रगति के सामने खुली यादों की किताब

'कौन बनेगा करोड़पति 18' में कंटेस्टेंट प्रगति का सपना सुनकर अमिताभ बच्चन ने अपने कॉलेज के दिनों, साइंस में फेल होने और हरिवंश राय बच्चन की कविता से जुड़ा मजेदार किस्सा साझा किया.

सोनी टीवी का सबसे बड़ा क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ अपने नए सीजन में ज्ञान के साथ-साथ जिंदगी के कई अनछुए पहलुओं को भी सामने ला रहा है. शो के होस्ट और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन जब हॉटसीट पर बैठे कंटेस्टेंट्स के साथ बातें करते हैं, तो अक्सर अपनी जिंदगी के वे राज खोल देते हैं जो दर्शकों के लिए किसी प्रेरणा और सीख से कम नहीं होते. अपकमिंग एपिसोड में जब हॉटसीट पर कंटेस्टेंट प्रगति कल्पेकर पहुंचीं, तब उनके स्ट्रगल की कहानी ने बिग बी को उनके संघर्ष के दिनों की याद दिला दी.

बातचीत के दौरान जब अमिताभ बच्चन ने प्रगति से पूछा कि वो जीती हुई धनराशि का क्या करेंगी, तो प्रगति ने बेहद आत्मविश्वास के साथ कहा,”सर, मैं अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती हूं. मेरा सपना इंडियन फॉरेन सर्विस जॉइन करने का है. मैं आईएफएस अफसर इसलिए बनना चाहती हूं क्योंकि इसमें एक मरून रंग का पासपोर्ट मिलता है, जिस पर गर्व से ‘डिप्लोमैट’ लिखा होता है.”

मुझे तो आईएफएस का आई भी नहीं पता था…

प्रगति का ये सपना सुनकर बिग बी मुस्कुरा दिए और अपने पुराने दिनों को याद करते हुए एक हैरान कर देने वाला किस्सा साझा किया. अमिताभ बच्चन ने कहा,”हमारे मंच पर बहुत से कंटेस्टेंट आते हैं जो बताते हैं कि वे यूपीएससी की तैयारी करना चाहते हैं. फॉरेन सर्विस सच में एक शानदार क्षेत्र है. पर आपको बताऊं, एक जमाना था जब मेरे मन में भी आईएफएस अफसर बनने की तीव्र इच्छा जगी थी. लेकिन मुझे तो आईएफएस का ‘I’ भी नहीं मालूम था! इसलिए मैंने वक्त रहते हार मान ली और उस विचार को वहीं छोड़ दिया.”

View this post on Instagram

A post shared by Sony LIV (@sonylivindia)

साइंस में फेल और 2 नंबर से बमुश्किल पास हुए थे बिग बी

हंसते-मुस्कुराते हुए बिग बी ने अपने ग्रेजुएशन के दिनों और नौकरी की तलाश के दौरान की पोल खोलते हुए बताया कि वो पढ़ाई में कैसे थे. उन्होंने कहा कि हमारे जमाने में बाबूजी (डॉ. हरिवंश राय बच्चन) कहते थे कि ग्रेजुएशन की डिग्री होना बहुत जरूरी है. मैंने साइंस चुन लिया. पहले ही लेक्चर में प्रोफेसर ने वो सब पढ़ा दिया जो मैंने 10 साल के पूरे स्कूल में सीखा था. मुझे तुरंत अहसास हो गया कि मैंने गलत स्ट्रीम चुन ली है और नतीजा यह हुआ कि मैं परीक्षा में फेल हो गया! बाद में मैंने ATKT (कंपार्टमेंट) का एग्जाम दिया और किसी तरह महज 2 नंबर से पास हुआ. प्लीज, ये बात किसी को मत बताइएगा.

ये भी पढ़ें- क्रिकेट के बाद अब टीवी पर हिटमैन का जलवा, रोहित शर्मा का नया शो फैमिली फुल हाउस, जानिए कब से होगा शुरू?

बाबूजी से पूछा- मुझे पैदा क्यों किया?

नौकरी और करियर की जद्दोजहद के दिनों को याद करते हुए अमिताभ बच्चन ने बताया कि एक बार जब वो दुनिया के संघर्षों से बुरी तरह परेशान हो गए थे, तो उन्होंने आवेश में आकर अपने पिता और महान कवि हरिवंश राय बच्चन से पूछ लिया था कि आपने मुझे पैदा ही क्यों किया?

बिग बी ने बताया कि उस वक्त बाबूजी चुप रहे, लेकिन अगली सुबह जब वो सोकर उठे तो उनके सिरहाने एक बेहद खूबसूरत कविता रखी थी. उस कविता की पंक्तियों को याद करते हुए बिग बी ने कहा, बाबूजी ने लिखा था,”जिंदगी और जमाने की कशमकश से घबराकर मेरे बेटे मुझसे पूछते हैं कि हमें पैदा क्यों किया था? और मेरे पास इसके सिवाय कोई जवाब नहीं है कि मेरे बाप ने मुझसे बिना पूछे मुझे क्यों पैदा किया था?” सदी के महानायक के सामने बैठकर उनकी जिंदगी के प्रेरणादायक किस्से सुनकर कंटेस्टेंट प्रगति बेहद भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि देश की 1.4 अरब आबादी के बीच अमिताभ बच्चन के साथ यह मंच शेयर करना उनके जीवन का सबसे यादगार लम्हा है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More