Ramayana Trailer: अब ‘एनिमल’ जैसी फिल्में मत करना…रामायण का ट्रेलर देख महाभारत के इस एक्टर ने रणबीर कपूर को दी सलाह

Ramayana Trailer: अब ‘एनिमल’ जैसी फिल्में मत करना…रामायण का ट्रेलर देख महाभारत के इस एक्टर ने रणबीर कपूर को दी सलाह

Ramayana Trailer: रामायण का ट्रेलर रिलीज होते ही हर तरफ छा गया है. हर कोई इसकी तारीफ कर रहा है. महाभारत में श्रीकृष्ण का किरदार निभाने वाले एक्टर नितीश भारद्वाज ने भी ट्रेलर की तारीफ की है और रणबीर कपूर को एक खास सलाह भी दे डाली है.

Ramayana Trailer: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद इसे दर्शकों और फिल्मी सितारों से खूब सराहना मिल रही है. इसी बीच टीवी के पॉपुलर शो ‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नितीश भारद्वाज ने भी ट्रेलर की तारीफ की है. हालांकि, उन्होंने रणबीर कपूर को एक खास सलाह भी दी. उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने के बाद अब रणबीर को ‘एनिमल’ जैसी फिल्में नहीं करनी चाहिए.

नितीश भारद्वाज ने इंस्टाग्राम पर ट्रेलर की तारीफ करते हुए लिखा कि यह फिल्म ऑस्कर जीतने की क्षमता रखती है. उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी की जमकर तारीफ की है. उन्होंने लिखा कि नितेश तिवारी भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा तोहफा हैं. साथ ही उन्होंने फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), सिनेमैटोग्राफी और संगीत को भी काबिल-ए-तारीफ बताया है.

ये भी पढ़ें: Ramayana Trailer: पति रणबीर कपूर की रामायण का ट्रेलर देख आलिया भट्ट ने दिया ऐसा रिएक्शन, पोस्ट शेयर कर कही ये बात

रणबीर कपूर को दी खास सलाह

नितीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर के अभिनय की तारीफ करते हुए लिखा कि वह हमेशा से उनके काम के फैन रहे हैं. लेकिन अब जब वह भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, तो उन पर समाज और भारतीय संस्कृति के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी भी आ गई है. उन्होंने लिखा, “रणबीर, मैं हमेशा से तुम्हारे अभिनय का प्रशंसक रहा हूं. लेकिन अब समय है कि तुम भारत की संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों का सम्मान करने वाली फिल्में चुनो. चाहे तुम्हें कितनी भी बड़ी रकम की पेशकश हो, अब ‘एनिमल’ जैसी फिल्में मत करना. अपनी वाणी और छवि को ऐसे किरदारों से दूषित मत करो. भारत में ऐसी अनगिनत कहानियां हैं जो तुम्हारी अभिनय क्षमता को पूरी तरह सामने ला सकती हैं.”

साई पल्लवी को लेकर भी जताई उम्मीद

नितीश भारद्वाज ने फिल्म में सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी को लेकर भी अपनी उम्मीद जताई है. उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि दर्शक साई पल्लवी को सीता के रूप में स्वीकार करेंगे. साथ ही उन्होंने इच्छा जताई कि फिल्म में गोस्वामी तुलसीदास की चौपाइयों की झलक और मृदंग-झांझ की ध्वनि भी सुनाई दे, क्योंकि यही ‘रामायण’ की आत्मा है. उन्होंने अंत में लिखा कि वह इस फिल्म को कम से कम पांच बार देखना चाहेंगे, ताकि नितेश तिवारी की मेहनत और इस भव्य फिल्म को सम्मान दे सकें.

कब रिलीज होगी ‘रामायण’?

नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि ‘रामायण: पार्ट 2’ दिवाली 2027 में रिलीज किए जाने का प्लान है. फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी, यश, रकुलप्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, काजल अग्रवाल, अनुपम खेर और अरुण गोविल जैसे तमाम बड़े सितारे नजर आएंगे.

ये भी पढ़ें: Ramayana Trailer: सरहद पार रामायण का बजा डंका, ट्रेलर देख पाकिस्तानी आवाम बोली- इंतजार नहीं हो रहा

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More