रणवीर, दीपिका और प्रियंका को भी डांट चुके हैं संजय लीला भंसाली, रजा मुराद ने किया खुलासा
संजय लीला भंसाली हर काम को काफी बारीकी से करते हैं. यही वजह है कि वो कई बार सेट पर गुस्सा भी हो जाते हैं. अब एक्टर रजा मुराद ने खुलासा किया है कि , भंसाली बड़े स्टार्स पर भी गुस्सा हो चुके हैं.
फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के सेट पर गुस्सा करने को लेकर कई बार खबरें सामने आती रही हैं. कुछ एक्टर्स ने भी उनके गुस्से को करीब से देखने की बात कही है. वहीं, अब दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने भंसाली की तुलना राज कपूर से करते हुए दोनों को परफेक्शनिस्ट बताया और सेट पर भंसाली के व्यवहार के बारे में खुलकर बात की और खुलासा किया है कि फिल्ममेकर परफेक्ट काम के लिए बड़े स्टार्स पर भी भड़क जाते हैं.
दरअसल, विक्की लालवानी के साथ बातचीत में रजा मुराद ने उन खबरों पर बात की, जिनमें दावा किया जाता है कि भंसाली मूडी हैं और टेक्नीशियंस पर गुस्सा हो जाते हैं. रजा ने बताया कि जब भंसाली बार-बार अपनी बात दूसरों को समझाने में नाकाम रहते हैं, तब उनका गुस्सा सामने आता है.
ये भी पढ़ें: बिग बॉस 20 में काजी तौकीर को रोता देख भावुक हुईं गौहर खान, बोलीं- मैंने ऐसा कनेक्शन कभी महसूस नहीं किया
संजय लीला भंसाली के रवैये पर बोले रजा मुराद
रजा मुराक ने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि वह शुरुआत से ही गुस्से में रहते हैं. हर इंसान का अपना स्वभाव होता है और उनका गुस्सा किसी व्यक्ति को लेकर नहीं होता, बल्कि काम से जुड़ा होता है क्योंकि चीजें सही तरह से नहीं हो रही होती हैं. इसलिए अगर वह गुस्सा करते हैं तो ठीक है और ऐसा भी नहीं है कि वह सिर्फ अपने असिस्टेंट्स पर ही गुस्सा करते हैं. मैंने उन्हें बड़े स्टार्स पर भी चिल्लाते हुए देखा है. रजा मुराद ने बताया कि उन्होंने भंसाली को रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा जैसे बड़े कलाकारों पर भी गुस्सा करते देखा है. उन्होंने कहा कि भंसाली चाहते हैं कि काम बिल्कुल उसी तरह हो, जैसा वह सोचते हैं.
राज कपूर से की भंसाली की तुलना
रजा मुराद ने संजय लीला भंसाली की तुलना दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर से भी की. उन्होंने कहा कि दोनों ही अपने काम को लेकर बेहद परफेक्शनिस्ट थे. रजा ने कहा, वे वही चाहते हैं जो वे चाहते हैं. उनके लिए समय, शिफ्ट, पैसे, सेट और डेट्स ज्यादा मायने नहीं रखते थे. अगर काम में चार दिन की जगह आठ दिन लग जाएं तो भी कोई बात नहीं. जब वे सेट पर होते हैं तो उनका पूरा ध्यान काम पर होता है. हम काम करने के लिए आए हैं. और मेरे साथ ऐसा दो बार हुआ है.
रजा मुराद का फिल्मी करियर
रजा मुराद पांच दशक से ज्यादा लंबे अपने करियर में कई सफल फिल्मों का हिस्सा रहे हैं और सपोर्टिंग व विलेन के किरदारों के लिए जाने जाते हैं. रजा मुराद ने राज कपूर के साथ प्रेम रोग (1982), राम तेरी गंगा मैली (1985) और हिना (1991) जैसी फिल्मों में काम किया है. वहीं, उन्होंने संजय लीला भंसाली के साथ गोलियों की रासलीला राम-लीला (2013), बाजीराव मस्तानी (2015), पद्मावत (2018) और गंगूबाई काठियावाड़ी (2022) में काम किया है. इन सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की थी.




