Harry Brook: सिर्फ 13 रन पर गिरे 2 विकेट, फिर बरसा ब्रूक का बल्ला, 6 छक्के जड़कर खेली तूफानी पारी

Harry Brook: सिर्फ 13 रन पर गिरे 2 विकेट, फिर बरसा ब्रूक का बल्ला, 6 छक्के जड़कर खेली तूफानी पारी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मैच में इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही थी, जिसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक का बल्ला गरजा और उन्होंने पावरप्ले के अंदर ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया.

वेलिंग्टन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ तो कुछ ही देर बार मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच शुरू हो गया. एक तरह वेलिंग्टन में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन की बेहतरीन पारी खेली तो मेलबर्न में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने महफिल लूट ली. ब्रूक ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों पर जोरदार हमला बोला और एक विस्फोटक अर्धशतक जमाया, जिसके दम पर इंग्लैंड ने 187 रन का अच्छा स्कोर खड़ा किया.

ब्रूक ने पावरप्ले में ही जड़ी फिफ्टी

वनडे सीरीज में जीत के बाद टी20 सीरीज के पहले ही मैच में इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. सिर्फ 13 गेंदों के अंदर 13 रन पर ही टीम के दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए थे. ऐसी खराब शुरुआत का भी हैरी ब्रूक पर असर नहीं पड़ा क्योंकि इंग्लैंड के कप्तान ब्रूक ने इसके बाद बाउंड्री की बारिश कर दी. ब्रूक ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को ऐसी मार लगाई कि सिर्फ 20 गेंदों में ही उनका अर्धशतक पूरा हो गया.

ये ब्रूक के टी20 इंटरनेशनल करियर का 9वां अर्धशतक था. इंग्लैंड के कप्तान की बैटिंग का असर ऐसा था कि पावरप्ले के अंदर ही उन्होंने ये अर्धशतक लगा दिया था और टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया था. ब्रूक ने टॉम बैंटन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों में ही 97 रन की धुआंधार साझेदारी की. एक बेहतरीन कैच के साथ ब्रूक की पारी और इस साझेदारी का अंत हुआ. ब्रूक ने सिर्फ 28 गेंदों में 65 रन की हाहाकारी पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 4 चौके शामिल थे.

बैंटन की अच्छी फॉर्म जारी

ब्रूक के अलावा टॉम बैंटन ने भी एक उपयोगी पारी खेली. वनडे सीरीज में ओपनिंग करते हुए शानदार शतक लगाने वाले बैंटन ने मिडिल ऑर्डर में आकर 22 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था. वहीं जॉर्डन कॉक्स ने भी तेजी से 27 बनाए, जिसके दम पर इंग्लैंड ने 9 विकेट खोकर 187 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया के लिए निखिल चौधरी और जैक एडवर्ड्स ने 2-2 विकेट लिए.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More