Bigg Boss 20: कौन हैं ‘मिट्ठू डॉन’ नकुल धुल? जिनकी एंट्री होते ही बाहर करने की मांग होने लगी
'बिग बॉस 20' में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नकुल धुल (मिट्ठू डॉन) की बतौर वाइल्डकार्ड एंट्री हो चुकी है. घर में आते ही महिलाओं पर उनके पुराने विवादित बयानों ने तूल पकड़ लिया है.
कलर्स और जियोहॉटस्टार के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में वाइल्डकार्ड एंट्रीज के साथ ही बवाल शुरू हो गया है. टीवी अभिनेता मनीष गोयल के बाद अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर नकुल धुल यानी ‘मिट्ठू डॉन’ ने घर में दूसरे वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ले ली है. वीकेंड का वार एपिसोड में जब सलमान खान के मंच से नकुल की एंट्री हुई, तो घरवाले हैरान रह गए. नकुल ने घरवालों को बताया कि वो बच्चों को केमिस्ट्री पढ़ाते हैं और ट्यूशन लेते हैं, हालांकि सोशल मीडिया स्टार स्काउट ने तुरंत पहचान लिया कि वो इंटरनेट की दुनिया के चर्चित चेहरे हैं. लेकिन घर में कदम रखते ही नकुल धुल को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध और विवाद खड़ा हो गया है. उनके कई पुराने वीडियो इंटरनेट पर फिर से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वो महिलाओं पर आपत्तिजनक और असंवेदनशील टिप्पणियां करते नजर आ रहे हैं.
हरियाणा के फरीदाबाद से ताल्लुक रखने वाले नकुल धुल एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर उनके 10 लाख (1 मिलियन) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. इंटरनेट की दुनिया में वो अपने व्यंग्य, हरियाणवी लहजे, कॉमेडी वीडियो और ‘मिट्ठू डॉन’ के कैरेक्टर के लिए जाने जाते हैं. लेकिन कॉमेडी की आड़ में महिलाओं की सुरक्षा का मजाक उड़ाने की वजह से वो पहले भी कानूनी पचड़े में फंस चुके हैं.
महिलाओं पर वो विवादित बयान, जिसने मचाया कोहराम
नकुल की एंट्री के साथ ही सोशल मीडिया पर उनके दो पुराने वीडियो तेजी से वायरल होने लगे. एक क्लिप में नकुल कहते सुने जा रहे हैं, “किसी दिन रात को 11 बजे लड़की के पीछे भागकर देखो, उसकी पैंट गीली हो जाएगी. उसको छेड़ो मत, बस ओवरटेक करके निकल जाओ. तुम्हें पता लगेगा कि डर क्या होता है.” इस बयान पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है, क्योंकि महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे को उन्होंने मजाक बनाकर पेश किया था.
View this post on Instagram
एक अन्य वायरल वीडियो में वो कहते दिखे कि बात ऐसी है कि हम नीची जेंडर के लोगों के साथ नहीं घूमते. ये हैं नीचा जेंडर, हम हैं ऊंचे जेंडर के लोग. इस वीडियो में उन्होंने ‘अछूत’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया था, जिसे लेकर यूजर्स उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं.
घर के भीतर नकुल की सफाई
बिग बॉस के घर में कदम रखने के बाद नकुल धुल ने साथी कंटेस्टेंट्स के सामने इन वायरल वीडियोज और चल रहे कोर्ट केस पर अपनी सफाई दी. नकुल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि एक लड़के ने मुझसे कहा था कि वह लड़कियों से डरता है. इस पर मैंने तंज कसते हुए कहा था कि तुम क्या लड़कियों से डरोगे, लड़कियां तुमसे इतना डरती हैं कि रात को अगर उनके पीछे कोई भाग भी जाए तो वो सहम जाती हैं. मेरा कॉन्टेक्स्ट ये था कि तुमने उनको इतना डरा रखा है और तुम खुद डरने का नाटक कर रहे हो. लेकिन लोगों ने इसका उल्टा मतलब निकाल लिया कि नकुल बोल रहा है कि लड़कियों के पीछे भागो. जब वो वीडियो वायरल हुआ तो ऐसी लंका लगी कि केस तक हो गया. जो मुझे असल में जानते हैं उन्हें पता है कि मैं बहुत ज्यादा ‘प्रो-फेमिनिस्ट’ हूं और महिलाओं के हक में खड़ा रहता हूं.
सोशल मीडिया पर बाहर निकालने की मांग
नकुल धुल की इस सफाई के बावजूद सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है. कई दर्शकों ने सवाल उठाया है कि महिलाओं पर ऐसी भद्दी टिप्पणियां करने वाले शख्स को नेशनल टेलीविजन के इतने बड़े मंच पर जगह क्यों दी गई? वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जा रहा है कि घर में आते ही कंटेस्टेंट कुशल तंवर (गुल्लू) के साथ उनकी तीखी फिजिकल झड़प भी हो गई है और इसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया है. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या नकुल धुल सच में बाहर हुए हैं या फिर अंदर रहकर अपने गेम से अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रहे हैं.




