Drishyam 3 Box Office: एक हफ्ते में दृश्यम 3 फिल्म बनी अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी मूवी, सिंघम अगेन को भी चटाई धूल
दृश्यम 3 के जरिए सिनेमाघरों में अपना जलवा कायम करने वाले अजय देवगन को उनके करियर की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म मिल गई है. दृश्यम 3 अब उनके साढ़े 3 दशक के करियर की सबसे बड़ी मूवी बन गई है.
Drishyam 3 Box Office Collection Day 7: अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 3 ने एक हफ्ते में ही एक ऐसा कमाल कर दिया है जो अब तक के इतिहास में उनकी कोई भी फिल्म नहीं कर सकी. इस फिल्म ने दुनियाभर में 380 करोड़ का कलेक्शन पार कर लिया है. इसी के साथ ये फिल्म सिनेमा के इतिहास में अजय देवगन के साढ़े तीन दशक के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मूवी बन गई. सबसे बड़ी बात तो ये है कि हफ्तेभर में ही इस फिल्म ने ये बड़ा कमाल कर के दिखाया है. दृश्यम 3 की कमाई के ताजा आंकड़े आ गए हैं.
खास बात ये है कि अजय देवगन की इस फिल्म को साउथ में भी पसंद किया जा रहा है और विदेशों में भी ये फिल्म काफी अच्छी कमाई कर रही है. फिल्म ओवरसीज कलेक्शन में भी 100 करोड़ पार करने के करीब पहुंच गई है. अब फिल्म के एक हफ्ते के कलेक्शन ने इस बात की रोचकता बढ़ा दी है कि आखिर फिल्म रिलीज के पहले वीकेंड में कितनी कमाई कर के दिखाएगी.
हफ्तेभर में दृश्यम 3 ने कितने कमा लिए?
दृश्यम 3 फिल्म ने एक हफ्ते में धमाकेदार कलेक्शन कर के दिखाया है. इस फिल्म को हालांकि सबसे ज्यादा नुकसान 7वें दिन ही हुआ है. रिलीज के सातवें दिन दृश्यम 3 फिल्म ने सिनेमाघरों में सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक 13 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. फिल्म का ये कलेक्शन इसके किसी भी दिन का सबसे लो कलेक्शन है. इसके बावजूद फिल्म ने रिलीज के 7 दिनों में नेट कलेक्शन के मामले में 245 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में अपनी कमाई को 294.60 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया है.
ओवरसीज कलेक्शन के मामले में फिल्म ने 7 दिनों में 89 करोड़ रुपये की कमाई कर के दिखा दी है. फिल्म का पहले हफ्ते का वर्ल्डवाइड कलेक्शन सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक 383.60 करोड़ रुपये का हो चुका है. फिल्म काफी अच्छा कर रही है और आने वाले वक्त में इस फिल्म से ऐसे ही अच्छे कलेक्शन की उम्मीद लगाई जा रही है. फिल्म का अनुमानित बजट 110 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है जिससे 3 गुना ज्यादा ये फिल्म एक हफ्ते में ही कमा चुकी है साथ ही अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म भी बन गई है.
दृश्यम 3 फिल्म ने सिंघम अगेन को दी मात
दृश्यम 3 फिल्म वर्ल्डवाइड कलेक्शन के लिहाज से अजय देवगन के करियर की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बन गई है. इस फिल्म ने सिंघम अगेन को पछाड़ दिया है जिसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 378 करोड़ रुपये के करीब था. अभ दृश्यम 3 ने सातवें दिन 13 करोड़ कमाकर सिंघम अगेन को भी पीछे छोड़ दिया है और आने वाले कुछ ही समय में ये फिल्म अजय देवगन के करियर की पहली 400 करोड़ फिल्म भी बन जाएगी. फिलहाल अजय देवगन के फैंस तो ये दांवा भी कर रहे हैं कि कमाई के मामले में ये फिल्म अजय के करियर की पहली 1000 करोड़ी मूवी भी बन सकती है.




