छठ पर बिहार जाने वालों को रेलवे की बड़ी सौगात, दरभंगा, बरौनी और रक्सौल के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. ये ट्रेनें एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से दरभंगा और बरौनी के अलावा पोडानूर से रक्सौल के बीच चलेंगी.
Chhath Special Trains: लोक आस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर से शुरू हो रहा है, जोकि 16 नवंबर तक चलेगा. छठ के महापर्व के लिए लोग ट्रनों, हवाई जहाजों और बसों से अपने घर की ओर चल पड़े हैं. ट्रेनें तो खचाखच भरी हुई है. ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं है. हालांकि भारतीय रेलवे की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. छठ महापर्व के अवसर पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 3 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है.
दक्षिण रेलवे की ओर से तमिलनाडु से बिहार के लिए स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जाने वाली हैं. दक्षिण रेलवे के मुताबिक, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से दरभंगा के बीच विशेष ट्रेन चलाई जाने वाली है. यह ट्रेन आज सुबह 11 बजे एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से चलेगी और खड़गपुर, आसनसोल, बरौनी होते हुए तीसरे दिन दोपहर 1 बजे दरभंगा पहुंचेगी. वापसी में ये विशेष ट्रेन 14 नवंबर को दोपहर 3 बजे दरभंगा से चलेगी और सोमवार को दोपहर 3:45 बजे चेन्नई सेंट्रल पहुंचेगी.
एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से बरौनी के लिए स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से बरौनी के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन आज रात को रात 11:50 बजे एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से चलेगी और खड़गपुर, आसनसोल होते हुए शुक्रवार को रात 8 बजे बरौनी पहुंचेगी. तमिलनाडु के पश्चिमी क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए पोडानूर से रक्सौल के बीच भी एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. ये वन-वे स्पेशल ट्रेन होगी. यह ट्रेन आज रात 8:20 बजे पोडानूर से चलेगी और कोयंबटूर, तिरुप्पुर, इरोड, कटपाडी, पेरंबूर, संबलपुर, धनबाद, बरौनी होते हुए शनिवार को दोपहर 12 बजे रक्सौल पहुंचेगी.
छठ पर लाखों लोग लौटते हैं घर
इन स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की जरूरत के मुताबिक एसी थर्ड टियर, एसी सेकंड टियर, एसी इकोनॉमी, स्लीपर, जनरल सेकंड क्लास और चेयर कार के कोच लगाए गए हैं. सके अलावा दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष कोच भी हैं. गौरतलब है कि छठ महापर्व बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड के प्रमुख त्योहारों में से एक है. इस पर्व में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले लाखों लोग अपने घर आते हैं.
ये भी पढ़ें: दरभंगा में 1.39 करोड़ की चांदी लूट का खुलासा, 62 किलो चांदी बरामद.. BJP नेता समेत 5 गिरफ्तार




