सांवलिया सेठ मंदिर में भक्त की अनोखी भेंट, अर्पित किया 21 ग्राम सोने का दिल, वजह जान आप भी रह जाएंगे हैरान

सांवलिया सेठ मंदिर में भक्त की अनोखी भेंट, अर्पित किया 21 ग्राम सोने का दिल, वजह जान आप भी रह जाएंगे हैरान

Sanwaliya Seth Gold Heart Gift: जालौर के श्रद्धालु ने हार्ट का सफल ऑपरेशन होने पर सांवलिया सेठ को 21 ग्राम सोने से बना दिल अर्पित किया. इसकी कीमत 3 लाख से ज्यादा है.

Chittorgarh News: राजस्थान के मेवाड़ स्थित प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर (मंडफिया, चित्तौड़गढ़) में एक श्रद्धालु की अनोखी और अद्भुत आस्था का मामला सामने आया है. जालौर जिले के रहने वाले एक भक्त ने गंभीर हृदय रोग से उबरने और हार्ट का सफल ऑपरेशन होने के बाद भगवान सांवलिया सेठ के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की. अपनी मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु ने मंदिर पहुंचकर भगवान सांवलिया सेठ के चरणों में 21 ग्राम शुद्ध सोने से बना ‘हार्ट (दिल) का मॉडल’ अर्पित किया.

जालौर जिले के निवासी श्रद्धालु लंबे समय से दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. इलाज और ऑपरेशन के दौरान उन्होंने सांवलिया सेठ से पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी और मन्नत मांगी थी. जब डॉक्टरों द्वारा किया गया हार्ट का ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और वह सेहतमंद हो गए, तो वह अपनी मनोकामना पूरी होने पर सीधे मंडफिया स्थित सांवलियाजी मंदिर पहुंचे. श्रद्धालु ने मंदिर मंडल के आधिकारिक भेंट कक्ष कार्यालय में जाकर 21 ग्राम सोने से निर्मित इस अनोखे ‘हार्ट मॉडल’ को जमा कराया और मंदिर प्रशासन से इसकी बाकायदा रसीद प्राप्त की.

ये भी पढ़ें: बरेली में SDM के बिगड़े बोल, भोजन की लाइन में खड़े टीचरों को कहा- भूखे-नंगे कुत्ते मचा बवाल

21 ग्राम सोना और 3 लाख से ज्यादा कीमत, मंदिर में बना चर्चा का विषय

मंदिर प्रशासन के अनुसार, 21 ग्राम सोने से तैयार किए गए इस दिल के मॉडल की अनुमानित बाजार कीमत 3 लाख से अधिक बताई जा रही है. आमतौर पर श्रद्धालु मंदिरों में भगवान को सोने-चांदी के छत्र, मुकुट, हार, बंशी या आभूषण भेंट करते हैं. लेकिन अपने ही अंग (हृदय) के सफल इलाज के बाद सोने से बने दिल के मॉडल को अर्पित करना आस्था का एक अनोखा और दुर्लभ रूप है, जिसकी चर्चा पूरे मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं के बीच बनी हुई है.

भगवान प्रजापत
भगवान प्रजापत

भगवान प्रजापत राजस्थान के उदयपुर जिले का रहने वाले हैं. मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन और पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद वर्ष 2006 में उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा. उन्हें इस क्षेत्र में कार्य करते हुए 20 वर्ष से अधिक का अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका के केबल नेटवर्क चैनल 24 न्यूज़ से की. इसके बाद तीन वर्षों तक ईटीवी में कार्य किया. एक दशक से अधिक समय तक जन टीवी में कार्य करने का भी अनुभव रहा है. पिछले पांच वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में भी कार्य कर रहे हैं. वर्तमान में वो TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हैं.

Read More