दया, अभिजीत और ACP प्रद्युमन वापस आ रहे हैं… CID से अलग नए क्राइम शो का किया ऐलान, क्या होगा नाम?
CID Stars New Show: टीवी शो CID के कैरेक्टर एसीपी प्रद्युमन, अभिजीत और दया अब एक नए क्राइम शो में नजर आने वाले हैं. एक वीडियो जारी करते हुए दया ने शो का ऐलान कर दिया है.
CID Stars New Show: ‘सीआईडी’ भले ही टीवी से ऑफ एयर हो चुका है, लेकिन इस शो की गिनती आज भी टीवी के सबसे पॉपुलर क्राइम-थ्रिलर शो में होती है. दिसंबर 2025 में जब इस शो का दूसरा सीजन बंद हुआ था, उसके बाद से लगातार फैंस तीसरा सीजन लाने की डिमांड कर रहे हैं. तीसरे सीजन को लेकर तो कोई अपडेट नहीं है, लेकिन इस शो के कुछ बड़े स्टार्स ने CID से हटकर एक नया क्राइम शो लाने की तैयारी कर ली है.
दरअसल, शो में दया का किरदार निभाने वाले एक्टर दयानंद शेट्टी अपनी प्रोडक्शन कंपनी के जरिए एक शो ला रहे हैं. पिछले कुछ समय से वो लगातार शो की तैयारी में जुटे हुए थे. जब उन्होंने ये ऐलान किया था कि वो CID के किरदार अभिजीत (आदित्य श्रीवास्तव), एसीपी प्रद्युमन (शिवाजी साटम) के साथ नया शो ला रहे हैं, उसके बाद से ही फैंस शो के लिए एक्साइटेड थे. हालांकि, ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई थी. पर अब दया ने शो का नाम बता दिया है.
अभिजीत और दया का नया शो
दयानंद शेट्टी, शिवाजी साटम और आदित्य श्रीवास्तव के इस शो का नाम ‘पापनाशम: वेयर क्राइम एंड्स’ है. 22 सितंबर को एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें ये तीनों सितारे एक साथ नजर आ रहे हैं. सभी ने मिलकर शो के नाम का ऐलान किया. शिवाजी साटम बताते हैं कि उन्होंने अपने नए शो की शूटिंग शुरू कर दी है. आदित्य बताते हैं कि ‘पापनाशम’ भी एक क्राइम शो ही है, लेकिन थोड़ा अलग है और सभी इसमें नए किरदार में नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें-
अब तक सबसे ज्यादा नेशनल अवॉर्ड किस कैटेगरी में किसे मिले हैं? यहां देखें पूरी लिस्ट
नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स जीतने वालों को सरकार कितना पैसा देती है? जानिए
कब से शुरू होगा ‘पापनाशम’
शिवाजी साटम, दयानंद शेट्टी और आदित्य श्रीवास्तव के अलावा इस शो में एक्ट्रेस अंशा सैयद भी नजर आने वाली हैं, जो CID में इंस्पेक्टर पूर्वी का रोल करती थीं. वहीं पंकज का कैरेक्टर प्ले करने वाले एक्टर अजय नागरथ भी इस शो का हिस्सा हैं. अभी ‘पापनाशम’ की रिलीज डेट तो सामने नहीं आई है, लेकिन कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में दया ने बताया था कि दिसंबर से उनका नया शो शुरू होगा. फिलहाल रिलीज डेट अनाउंस होने का इंतजार है. ये शो यूट्यूब पर आएगा.




