National Awards 2026: हिंदी में श्रीकांत ने मारी बाजी, किस भाषा में किस फिल्म को मिला नेशनल अवॉर्ड? देखें पूरी लिस्ट
सिनेमा जगत में कई सारे कलाकारों ने कई बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं. 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में आइए जानते हैं कि हिंदी समेत किन भाषाओं में किसे सम्मानित किया गया है.
गुजरात के एकता नगर में 72वें नेशनल अवॉर्ड्स 2026 की घोषणा की गई. इस दौरान 2024 की श्रेष्ठ परफॉर्मेंस के लिए कलाकारों को और फिल्मों को सम्मानित किया गया. जहां एक तरफ आर्टिकल 370 को बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला. वहीं भाषाओं की बात करें तो हिंदी में इस बार तुषार हीरानंदानी के निर्देशन में बनी फिल्म श्रीकांत ने नेशनल अवॉर्ड हासिल किया है. अवॉर्ड तुषार हिरानंदानी ने ग्रहण किया. आइए जानते हैं कि देश की अन्य भाषाओं में किन फिल्मों ने इस बार बाजी मारी है.
बंगाली फिल्मों का अपना समृद्ध इतिहास रहा है. 2024 में बंगाली भाषा के लिए चालचित्र एकोन फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. इस फिल्म का निर्देशन अंजन दत्त ने किया है. ये फिल्म मृणाल सेन को ट्रिब्यूट के तौर पर बनाई गई है.
बेस्ट गढ़वाली फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार साल 2024 के लिए ढोली फिल्म को मिला. इसे फिल्म के डायरेक्टर दिनेश भोंसले ने अवॉर्ड स्वीकार किया है. ये इस भाषा में मिला पहला नेशनल अवॉर्ड है जो इसे और भी खास बनाता है.
बेस्ट तमिल फिल्म का अवॉर्ड रायन फिल्म को मिला. ये अवॉर्ड धनुष ने हासिल किया. वे इस फिल्म के लीड एक्टर भी थे. फिल्म साल 2024 में आई थी और बॉक्स ऑफिस पर भी औसत से बढ़िया कलेक्शन करने में सफल रही थी.
मलयालम की फिल्मों का कद भारतीय सिनेमा में बहुत ऊंचा है. कई मलयालमी फिल्में पिछलो कुछ सालों में खूब सुर्खियों में रही हैं. अब फासिल मोहम्मद के निर्देशन में बनी फिल्म 'फेमिनिची फातिमा' को नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
गुजराती भाषा में इस साल मारन फिल्म को बेस्ट डायरेक्टर के नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक जैन ने किया है.
कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से इस साल मिथ्या फिल्म ने बाजी मारी और इस भाषा में बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड अपने नाम किया. इसका लेखन और निर्देशन सुमंत भट्ट ने किया है.
श्रेष्ठ कोंकणी फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मोग असुम को दिया गया है. ये एक हॉरर-थ्रिलर फिल्म है जिसका निर्देशन एग्नेलो एंजेलो ब्रागांजा और राधेश्याम पिपलवा ने किया है.
बेस्ट मनीपुरी फिल्म का अवॉर्ड सुनीता फिल्म को मिला. इसे फिल्म के डायरेक्टर अजीत यमुनाम ने ग्रहण किया. साथ ही मनीपुर का नाम देशभर में रोशन किया.
बेस्ट उड़िया फिल्म का अवॉर्ड लहरी फिल्म को मिला. इसका निर्देशन अमृत्य भट्टाचार्या ने किया था. वहीं फिल्म का निर्माण झिलिक मोशन्स पिक्चर्स के बैनर तले झिलिक भट्टाचार्जी ने किया था.
बेस्ट तेलुगू फिल्म का अवॉर्ड कमेटी कुर्रोल्लू फिल्म को मिला. इसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा फिल्म के निर्देशक यादु वामसी ने एक्सेप्ट किया. इसी फिल्म में पी रवि कुमार ने सर्वश्रेष्ठ मेकअप कलाकार का सम्मान हासिल किया है.
बेस्ट तुलु फिल्म के लिए इम्बु फिल्म को 72वें नेशनल अवॉर्ड में बेस्ट फिल्म के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. इसे फिल्म के डायरेक्टर सिवध्वज शेट्टी ने ये सम्मान हासिल किया. फिल्म के प्रोड्यूसर प्रशांत राय को भी सम्मानित किया गया.



