IND vs NZ: ऋषभ पंत के शॉट सेलेक्शन और कप्तान ना बनने में क्या है कनेक्शन? आर अश्विन ने बताया
R Ashwin on Rishabh Pant: क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच की पहली पारी में टीम इंडिया को ऋषभ पंत से एक बड़ी पारी की जरूरत थी. लेकिन वो बड़ा शॉट खेलने के चलते कैच आउट हो गए. जिस पर आर अश्विन ने सवाल उठाए हैं.
R Ashwin on Rishabh Pant: भारतीय टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत अपनी बेखौफ और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन उनके आउट होने के तरीके ने एक बार फिर बड़ी बहस छेड़ दी है. पहली पारी में न्यूजीलैंड के 356 रनों के जवाब में जब टीम इंडिया को एक बड़ी साझेदारी की सख्त जरूरत थी, तब 23 रन बनाकर खेल रहे पंत तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में कैच थमा बैठे. उनके पवेलियन लौटते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई. अब भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पंत की शॉट सेलेक्शन और फैसले लेने की क्षमता पर तीखे सवाल खड़े किए हैं.
ऋषभ पंत पर भड़के आर अश्विन
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आर अश्विन ने साफ शब्दों में कहा कि ऋषभ पंत के खराब फैसलों ने न सिर्फ टीम को बल्कि खुद उनके करियर को भी नुकसान पहुंचाया है. अश्विन ने कहा, ‘पंत में पीढ़ियों के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बनने की प्रतिभा है. लेकिन अगर उन्होंने अपने खेल को सुधारा होता और बेहतर फैसले लिए होते, तो वह भारत के लिए नंबर 4 पर नियमित खिलाड़ी हो सकते थे. वो देश की कप्तानी भी कर सकते थे. उनके फैसले लेने की क्षमता ने उन्हें निराश किया है. मैं यही बात कहने की कोशिश कर रहा हूं.’
अश्विन ने कहा कि पंत अकसर एक ही तरीके से आउट होते हैं, वो क्रीज से आगे बढ़कर फील्ड के ऊपर से शॉट मारने की कोशिश करते हैं और ठीक वहीं कैच दे बैठते हैं जहां विरोधी कप्तान ने फील्डर तैनात किया होता है. उन्होंने पिछले कुछ सालों में इंग्लैंड के खिलाफ पंत के इसी तरह आउट होने के उदाहरणों का भी हवाला दिया.
9 शतकों में से सिर्फ 2 ही जीत में आए
अश्विन ने पंत की तुलना ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट से किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी और फैंस से सिर्फ मनोरंजन के बजाए मैच के नतीजों पर ध्यान देने को कहा. अश्विन ने कहा, ‘जब मैंने उनके टेस्ट शतकों और उन मैचों के नतीजों को देखा, तो जीत की संख्या चौंकाने वाली रूप से कम थी. उस समय तक उन शतकों में से सिर्फ एक ही जीत का कारण बना था. अगर आप गाबा में 89 रन की पारी को शामिल करते हैं, जो एक जीत में भी आई थी, तो आप कह सकते हैं कि ऐसे दो या तीन उदाहरण हैं.’ अश्विन ने ये भी कहा कि 90 पर आउट होने का मतलब अपने आप में निस्वार्थ नहीं होता. कभी कभी यह सिर्फ लापरवाह या बिना सोचे समझे किया गया काम होता है.




