Mushfiqur Rahim: मुशफिकुर रहीम टेस्ट क्रिकेट से लेंगे संन्यास, जिस टीम के खिलाफ किया था डेब्यू उसी के सामने होगा अंत

Mushfiqur Rahim: मुशफिकुर रहीम टेस्ट क्रिकेट से लेंगे संन्यास, जिस टीम के खिलाफ किया था डेब्यू उसी के सामने होगा अंत

Mushfiqur Rahim Retirement: बांग्लादेश क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शुमार मुशफिकुर रहीम टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं. वो फरवरी 2027 में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी मैच खेलेंगे.

Mushfiqur Rahim Retirement: बांग्लादेश क्रिकेट के सबसे अनुभवी और सफल बल्लेबाजों में शुमार मुशफिकुर रहीम ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने 28 नवंबर 2026 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बड़े फैसले की आधिकारिक पुष्टि की. तमीम ने बताया कि 39 साल के मुशफिकुर फरवरी 2027 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के बाद अपने शानदार टेस्ट करियर पर विराम लगा देंगे.

मुशफिकुर रहीम ने लिया बड़ा फैसला

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल ने बताया कि मुशफिकुर के संन्यास की जानकारी उन्होंने खुद खिलाड़ी के अनुरोध पर शेयर की है. तमीम ने कहा कि मुशफिकुर ने कई दिन पहले उन्हें फोन कर अपने संन्यास के फैसले के बारे में बताया था, जिसके बाद से वो लगातार उनके संपर्क में थे. तमीम इकबाल के मुताबिक, उन्होंने मुशफिकुर से कहा था कि वो खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा करें.

तमीम ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए संन्यास का ऐलान न करने का अनुरोध भी किया था, क्योंकि वो बांग्लादेश क्रिकेट के इतने महान खिलाड़ी को सम्मानजनक विदाई देना चाहते थे. हालांकि, मुशफिकुर के खास आग्रह पर तमीम ने खुद मीडिया के सामने यह ऐलान किया कि इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर टेस्ट मुशफिकुर का आखिरी टेस्ट मैच होगा.

लॉर्ड्स से शुरू हुआ था सफर

लगभग दो दशकों तक बांग्लादेश की टेस्ट टीम की रीढ़ रहे मुशफिकुर रहीम ने मई 2005 में ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और संयोग से उनका आखिरी मुकाबला भी इंग्लैंड के खिलाफ ही होगा. उनके टेस्ट करियर के आंकड़े बेमिसाल हैं. मुशफिकुर ने अब तक 108 टेस्ट मैचों की 199 पारियों में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया है. वो देश के लिए 100 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं.

उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 7062 रन बनाए हैं, जिसमें 3 दोहरे शतक, 14 शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं. इसी महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान वो टेस्ट क्रिकेट में 7000 रनों का आंकड़ा पार करने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बने थे. बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में मुशफिकुर सबसे ऊपर हैं. उनके बाद दूसरे स्थान पर मौजूद मोमिनुल हक के नाम 5312 रन दर्ज हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More