IND vs NZ: खत्म होगा न्यूजीलैंड का 7 साल लंबा दबदबा? टीम इंडिया के पास आखिरी मौका
न्यूजीलैंड ने इस सीरीज के शुरुआती 2 मैच गंवाने के बाद और तीसरा मैच बारिश में धुलने के बाद चौथे मैच में जोरदार वापसी की. उसने बे ओवल में भारत को सिर्फ 89 रन पर ढेर किया और इसी मैदान पर आखिरी मैच है.
भारत और न्यूजीलैंड की वनडे सीरीज का कारवां अपने आखिरी मुकाबले तक पहुंच गया है, जो सीरीज का नतीजा तय करेगा. एक नया दिन और एक नया मैच दोनों टीमों का इंतजार कर रहा है लेकिन वेन्यू नया नहीं है. सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच रविवार 15 नवंबर को उसे बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा, जहां 48 घंटों से भी कम वक्त पहले भारतीय टीम सिर्फ 89 रन पर ढेर हो गई थी. ऐसे में टीम इंडिया के सामने सिर्फ सीरीज जीतने की ही नहीं, बल्कि इस अपमान का बदला देने की भी चुनौती है.
माउंट माउनगानुई के इसी मैदान पर 13 नवंबर को भारत की धुआंधार बैटिंग लाइन-अप पूरी तरह धराशायी हो गई थी. जिस पिच पर न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 333 रन बनाए थे, उस पर भारतीय टीम 89 रन पर सिमट गई. 16 साल के बाद ये पहली बार था जब वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम 90 रन से कम के स्कोर पर ऑल आउट हुई थी. इस शर्मिंदगी के बाद कोच गौतम गंभीर भी बेहद नाखुश थे और उन्होंने साफ कहा था कि टीम किसी बहाने के पीछे नहीं छुप सकती.
वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी इस सीरीज को बराबरी पर खत्म करना चाहती है और पिछली जीत ने उसके हौसले बुलंद किए होंगे. हालांकि न्यूजीलैंड के लिए परेशानी और भारत के लिए राहत की बात ये है कि चौथे ODI के हीरो और तेज गेंदबाज मैट हेनरी इस मुकाबले में नहीं उतरेंगे. हेनरी ने पारी के पहले ओवर में ही बिना रन दिए 3 विकेट झटक लिए थे. उन्होंने कुल 6 विकेट अपने नाम किए थे. मगर टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वो इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे. हालांकि जैकब डफी, मैट फिशर और क्रिस्टियन क्लार्क जैसे गेंदबाज भी कम चुनौती नहीं हैं.
भारत के पास इस आखिरी मैच में वो करने का मौका है, जो पिछले 7 साल से नहीं हुआ और पिछली बार भी टीम इंडिया ने ही किया था. ये है घर में न्यूजीलैंड का दबदबा. असल में 2019 के बाद से न्यूजीलैंड अपने घर में कोई वनडे सीरीज नहीं हारी है. भारतीय टीम ने ही उन्हें 2019 में आखिरी बार हराया था. अब अगर न्यूजीलैंड ये आखिरी मैच भी जीत जाती है तो उसका दबदबा बरकरार रहेगा. वहीं भारतीय टीम 2019 के कमाल को दोहराने की दहलीज पर है.
मगर सवाल ये है कि क्या भारतीय टीम में कोई बदलाव होगा? सबसे बड़ा सवाल- क्या मोहम्मद सिराज को मौका मिलेगा? कुलदीप यादव को पिछले मैच में चांस मिला लेकिन 8 ओवर में 73 रन लुटाकर उन्होंने भरोसा खो दिया. ऐसे में उनकी जगह मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकता है, जो इस दौरे पर अपना पहला मैच खेलेंगे. न्यूजीलैंड की टीम में भी मैट हेनरी और काइल जैमीसन के टेस्ट टीम में जाने के बाद बदलाव होंगे. जैकब डफी को एक खाली जगह भरने का मौका मिल सकता है.




