24 साल बाद टीवी पर होस्ट बनकर लौट रही हैं माधुरी दीक्षित, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मराठी वर्जन में आएंगी नजर!
छोटे पर्दे पर एक बार फिर 'धक-धक गर्ल' का जलवा देखने को मिलेगा. 'कोन होनार करोडपति' के नए सीजन के साथ माधुरी न सिर्फ एक नई शुरुआत कर रही हैं, बल्कि पहली बार किसी क्विज शो की कमान संभालती दिखेंगी.
बॉलीवुड की आइकॉनिक एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है. पूरे 24 सालों के लंबे इंतजार के बाद माधुरी एक बार फिर टीवी पर कमबैक कर रही है. सोनी टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मराठी रीमेक यानी ‘कोन होनार करोडपति’ के नए सीजन को इस बार माधुरी दीक्षित होस्ट करती हुई नजर आएंगी. सोनी मराठी के सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किए गए हालिया प्रोमो ने इस खबर पर लगभग पक्की मुहर लगा दी है.
हालांकि शुरुआत में जारी की गई झलक में होस्ट का चेहरा पूरी तरह से साफ नहीं दिख रहा था, लेकिन अब इस शो के दूसरे प्रोमो के बाद ये पूरी तरह से साफ हो गया है कि हॉट सीट पर बैठने वाली यह नई फीमेल होस्ट कोई और नहीं बल्कि खुद माधुरी दीक्षित ही हैं.
शो का बदलेगा मिजाज
अब तक इस लोकप्रिय शो की कमान मशहूर एक्टर सचिन खेडेकर संभालते आ रहे थे. इसके अलावा स्वप्निल जोशी और नागराज मंजुले जैसे नाम भी इस मंच को होस्ट कर चुके हैं. लेकिन इस बार मेकर्स ने ‘आता खेल बदलणार’ (अब खेल बदलेगा) थीम के साथ एक नया प्रयोग किया है. सचिन खेडेकर की जगह अब माधुरी दीक्षित का हॉट सीट पर आना इस बात का संकेत है कि शो का मिजाज और अंदाज दोनों ही बिल्कुल नया होने वाला है.
24 साल बाद होस्ट के रूप में धमाकेदार वापसी
माधुरी दीक्षित का टेलीविजन से नाता काफी पुराना रहा है. साल 2002 में उन्होंने सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के शो ‘कहीं न कहीं कोई है’ के जरिए टीवी होस्टिंग में कदम रखा था, जो अरेंज मैरिज पर आधारित एक रियलिटी शो था. उसके बाद से माधुरी ने ‘झलक दिखला जा’ और ‘डांस दीवाने’ जैसे कई बड़े डांस रियलिटी शो में बतौर जज अपनी खास पहचान बनाई. लेकिन एक पूरे शो को अपने दम पर होस्ट करने का मौका उन्हें 24 साल बाद मिला है.
View this post on Instagram
KBC होस्ट करने वाली दूसरी महिला बनीं!
राधिका सरथकुमार (तमिल वर्जन) के बाद माधुरी दीक्षित भारत में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के इस फॉर्मेट को होस्ट करने वाली दूसरी महिला बन गई हैं. अमिताभ बच्चन के आइकॉनिक स्टाइल से पहचाने जाने वाले इस शो में अब माधुरी अपनी खास मुस्कान और नजाकत से क्या नया रंग भरती हैं, ये देखना काफी दिलचस्प होगा. ये शो जल्द ही सोनी मराठी और सोनी लिव (Sony LIV) पर ऑन-एयर होने के लिए तैयार है.
ये भी पढ़ें: मल्लिका के आंसू से लेकर फुकरा इंसान के गुस्से तक, महल में छिड़ा महासंग्राम!




