‘महाभारत’ फेम एक्ट्रेस आशा सिंह का निधन, बेटे ने कहा- वो देश की पहली मिमिक्री आर्टिस्ट थीं
'महाभारत' में अश्वत्थामा की मां कृपी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस आशा सिंह जायसवाल का निधन हो गया है. उनके बेटे आकाश भारद्वाज ने सोशल मीडिया के जरिए मां के निधन की जानकारी दी है.
Actress Aasha Singh Jaiswal Death: एक्ट्रेस, सोशल वर्कर और मिमिक्री आर्टिस्ट आशा सिंह जायसवाल का निधन हो गया है. उनके बेटे आकाश भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर ये दुखद खबर फैंस के साथ शेयर की है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर बताया कि 22 अगस्त यानी शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे उनकी मां ने आखिरी सांस ली. आकाश ने मां को ‘कर्मठ लौह-महिला’ बताया और लोगों से उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की. आशा सिंह का रविवार सुबह मुंबई के विले पार्ले में पवन हंस श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार हुआ.
अपनी मां के निधन की जानकारी देते हुए आकाश ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “वो एक कर्मठ लौह-महिला थीं. आप सभी उनकी आत्मा की सदगति और शांति के लिए प्रार्थना करें. और उनके काम को सोशल मीडिया पर जरूर देखें और याद रखें, ताकि उनकी आत्मा जहां भी हो, प्रसन्नचित्त हो कि आप उनका काम अब भी देख और याद कर रहे हैं.”
View this post on Instagram
आकाश आगे लिखते हैं, “क्योंकि उनके जीवन में उनका कर्म ही सबकुछ था. उन्हें उनकी मृत्यु के बाद ब्रह्मांड में मोक्ष प्रदान करे और इसी आशा के साथ ये संदेश मैं प्रसारित कर रहा हूं. मृत्यु का दुख नहीं, आनंद. ब्रह्मांड यही उनका संदेश.”
देश की पहली फीमेल मिमिक्री आर्टिस्ट- आकाश
बेटे आकाश ने अपनी पोस्ट में बताया है कि उनकी मां कैरेक्टर एक्ट्रेस, समाज सेविका के साथ-साथ भारत की पहली फीमेल मिमिक्री आर्टिस्ट भी थीं. वो मीना कुमारी की आवाज को रीक्रिएट करने के लिए जानी जाती थीं.
महाभारत में निभाया था ये किरदार
आशा सिंह ने साल 1998 की मशहूर पौराणिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में काम किया था. उन्होंने इसमें कृपाचार्य की बहन, द्रोणाचार्य की पत्नी और अश्वत्थामा की मां कृपी का किरदार निभाया था. इस धारावाहिक का निर्माण बीआर चोपड़ा ने किया था. इसमें टीवी और फिल्म जगत के कई दिग्गज कलाकारों ने काम किया था.




