IND vs NZ: शतक से सिर्फ 2 रन दूर रह गए शुभमन गिल, फिर भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड, इस मुकाम तक पहुंचने वाले पहले भारतीय
Shumban Gill vs New Zealand: न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट मैच की पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल शतक जड़ने से सिर्फ 2 रन दूर रह गए. इसके बावजूद उन्होंने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया.
Shumban Gill vs New Zealand: न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल एक काफी यादगार शतक से सिर्फ दो रन दूर रह गए. शानदार लय में बल्लेबाजी कर रहे गिल ने 146 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 98 रन बनाए, लेकिन दिन के आखिरी ओवर में कीवी तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए. भले ही गिल अपना शतक पूरा न कर सके, लेकिन उन्होंने इस पारी के दौरान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में एक बड़ा ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया.
शुभमन गिल ने रचा इतिहास
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत की ओर से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर काबिज शुभमन गिल ने तीसरे दिन के तीसरे सेशन में अपने 3000 WTC रन पूरे कर लिए. गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में 3000 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ इस पहले टेस्ट मैच से पहले उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 83 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने अपनी पारी की 117वीं गेंद पर 83वां रन बनाते ही हासिल कर लिया. गिल ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने 43वें WTC मैच की 77वीं पारी में पूरी की.
करियर में चौथी बार नर्वस 90s का शिकार
दिन के आखिरी ओवर में जैकब डफी की गेंद पर आउट होने के साथ ही शुभमन गिल के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी जुड़ गया. यह गिल के टेस्ट करियर में चौथा मौका है जब वो नर्वस नाइंटीज का शिकार बने, वहीं बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान यह उनके साथ पहली बार हुआ. इसके साथ ही पिछले 8 सालों में यह पहली बार है जब कोई भारतीय टेस्ट कप्तान नर्वस 90s में आउट हुआ हो. गिल से पहले आखिरी बार साल 2018 में इंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली के साथ ऐसा हुआ था.
मजबूत स्थिति में टीम इंडिया
कप्तान गिल के शतक से चूकने के बावजूद तीसरे दिन का खेल पूरी तरह भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा. अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाते हुए टीम इंडिया ने दिन भर शानदार बल्लेबाजी की और स्टंप्स तक 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए. पहली पारी के आधार पर भारत को अब 118 रनों की मजबूत बढ़त मिल चुकी है. ऐसे में खेल के चौथे दिन भारत की नजर एक बड़ी लीड पर रहने वाली है.




