IND vs NZ Test: कैच लपके नहीं, विकेट संभले नहीं… गलतियों के कारण दूसरे दिन पिछड़ी टीम इंडिया

IND vs NZ Test: कैच लपके नहीं, विकेट संभले नहीं… गलतियों के कारण दूसरे दिन पिछड़ी टीम इंडिया

India vs New Zealand: हेगले ओवल मैदान पर दूसरा दिन भारत के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा. न्यूजीलैंड ने अपने पहले दिन के स्कोर में 110 रन जोड़े, जबकि टीम इंडिया ने 6 विकेट गंवा दिए.

ऐसा लगता है कि न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज जीतने के लिए भारत का इंतजार इस बार भी बढ़ जाएगा. वेलिंग्टन टेस्ट में मजबूत स्थिति में होकर भी टीम इंडिया जीत दर्ज करने में नाकाम रही. अब क्राइस्टचर्च टेस्ट में दो दिन के खेल में ही भारतीय टीम बुरी तरह पिछड़ गई है. पहले दिन जहां मुकाबला बराबरी का रहा तो दूसरे दिन मेजबान न्यूजीलैंड पूरी तरह हावी हो गया और पहली पारी में भारत के 6 विकेट गिरा दिए, जबकि सिर्फ 116 रन ही बन सके.

वेलिंग्टन में जहां भारतीय बल्लेबाजों ने लंबी-लंबी पारियां खेलीं, वहीं क्राइस्टचर्च में इसे दोहराने में नाकाम रहे. या फिर कहें कि हेगले ओवल की पिच और परिस्थितियों को भी भारतीय बल्लेबाज बेसिन रिजर्व जैसा समझने की गलती कर बैठे. आक्रामक खेल की कोशिश में टीम इंडिया ने कई विकेट गंवाए और हालत ये हो गई कि न्यूजीलैंड के 356 रन भी भारत पर भारी पड़ रहे हैं, क्योंकि शुभमन गिल की टीम अभी भी 240 रन पीछे है.

दूसरे दिन के दूसरे सेशन में भारतीय टीम की पहली पारी शुरू हुई लेकिन सिर्फ 6 गेंदों के अंदर उसे पहला झटका लगा, जब मैट हेनरी ने यशस्वी जायसवाल को बोल्ड कर दिया. ये एक बेहतरीन गेंद थी, जिसने जायसवाल को छकाया. वहीं अपनी फील्डिंग से निराश करने वाले देवदत्त पडिक्कल ने बल्ले से भरपाई की कोशिश की और आते ही शॉट्स खेलने लगे. कुछ सफलता के बाद वो भूल गए कि नई गेंद और पिच दोनों ही गेंदबाजों की मददगार थी और वही हुआ. काइल जैमीसन की ललचाती गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में विकेटकीपर को कैच दे बैठे.

हालांकि केएल राहुल हर बार की तरह सधी और संभली हुई बल्लेबाजी कर रहे थे. वहीं कप्तान शुभमन गिल भी अच्छी लय में नजर आ रहे थे. उन्होंने भी बिना देरी किए 3 चौके जमा दिए थे. उनकी लय अच्छे संकेत दे रही थी लेकिन लंबे कद के जैमीसन ने अपनी लेंथ और बाउंस से उन्हें फंसा दिया. जैमीसन की गेंद को ऑन साइड में खेलने की कोशिश में वो कैच आउट हो गए.

मगर सबसे बड़ा झटका लगा ऋषभ पंत और केएल राहुल के विकेट से. दोनों भारत की आखिरी बड़ी उम्मीद थे और करीब 12 ओवर तक जमकर उन्होंने उम्मीद जगाई. पंत ने अपने ही अंदाज में 2-3 मौकों पर आगे बढ़कर शॉट खेले. कभी सफल हुए, कभी नाकाम. मगर उनकी कोशिश जारी रही और ऐसे ही शॉट के चक्कर में वो गेंद को हवा में ऊंचा खेल बैठे, जहां कैच लपकने में कोई गलती नहीं हुई. फिर 4 ओवर बाद केएल राहुल ने एक ऐसी गेंद पर स्क्वायर कट खेला, जिसे आम तौर पर वो छोड़ देते थे. नतीजा- कैच. दोनों विकेट जैकब डफी ने झटके, जो पहले टेस्ट में बुरी तरह पिटे थे.

इस तरह सिर्फ 104 रन तक 5 विकेट गिर गए थे और अब सिर्फ पारी को संभालने की जिम्मेदारी थी. ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर ने अपना जुझारू अंदाज दिखाया और कोई गलती नहीं की. कम से कम 90 गंदों तक तो नहीं. फिर दिन की आखिरी गेंद पर नाथन स्मिथ ने सुंदर की कोशिशों का अंत कर दिया और स्लिप में उन्हें कैच करवा दिया.

इससे पहले आकाश दीप ने न्यूजीलैंड की पारी को 356 रन पर समेटने में बड़ी भूमिका निभाई, जिसमें टॉम ब्लंडेल का कैच भी था. ब्लंडेल अपना शतक पूरा नहीं कर पाए. आकाश दीप ने उस वक्त ब्लंडेल का 89 रन के स्कोर पर कैच लपका, जब उससे ठीक पहले उनकी ही गेंदों पर देवदत्त पडिक्कल और गुरनूर बराड़ ने 3 कैच टपका दिए थे. दिन की शुरुआत दूसरे ही ओवर में अंशुल कंबोज ने ग्लेन फिलिप्स को आउट करते हुए की. कुछ ही देर में आकाश दीप ने भी अलग-अलग ओवर में 2 विकेट झटक दिए.

मगर यहीं पर पडिक्कल ने दो बार आकाश की गेंदों पर हेनरी के कैच टपका दिए. इसके कुछ देर बाद बराड़ ने भी आकाश की गेदं पर हेनरी को जीवनदान दे दिया. इस तरह शुरुआती 2 दिनों में आकाश की गेंद पर 4 कैच ड्रॉप हुए. इसके बावजूद उन्होंने पहले बराड़ की गेंद पर ब्लंडेल का कैच लपपका और फिर हेनरी को आउट करते हुए पारी में अपने 5 विकेट पूरे किए. उनके अलावा कंबोज और बराड़ ने 2-2 विकेट लिए, जबकि बुमराह खाली हाथ रहे.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More