जसप्रीत बुमराह ने मैच के बीच बदला रन-अप, 11 साल पुराने अंदाज में करने लगे बॉलिंग- VIDEO
जसप्रीत बुमराह ने क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच की शुरुआत दो दमदार अंदाज में की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली. हालांकि इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी उनके बॉलिंग एक्शन में बदलाव ने.
टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पिछले 10 सालों में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है. इसकी वजह सिर्फ उनकी धारदार गेंदबाजी ही नहीं बल्कि उनका सबसे अलग बॉलिंग एक्शन भी है. बल्कि सबसे पहले अपने एक्शन से ही बुमराह ने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा था. उनका एक्शन ही नहीं बल्कि रन-अप भी बहुत अलग है. मगर 10 साल से जिस अंदाज में वो गेंदबाजी कर रहे हैं, उसमें अचानक एक बदलाव करते हुए बुमराह ने सबको चौंका दिया.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच के पहले दिन जसप्रीत बुमराह के बॉलिंग रन-अप में एक ऐसा बदलाव दिखा, जिसने हैरान कर दिया. इस मैच की शुरुआत तो बुमराह ने अपने नियमित रन-अप के साथ की, लेकिन पहला सेशन खत्म होने के बाद इसमें एक ऐसा बदलाव आया, जिसने उनके करियर के शुरुआती दिनों की याद दिला दी. मगर ये बदलाव था क्या? चलिए समझाते हैं.
बुमराह के रन-अप में क्या बदलाव हुआ?
बुमराह ने जब से इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखे हैं, तब से उनका बॉलिंग एक्शन चर्चा का विषय रहा है. बॉल रिलीज करते वक्त उनके हाथों की पोजिशन तेज गेंदबाजी के सामान्य एक्शन से बिल्कुल अलग है. मगर उनका रन-अप भी कुछ अलग ही रहा है. क्रीज पर पहुंचने से पहले अपने छोटे से रन-अप के दौरान बुमराह हमेशा से गेंद को दोनों हाथों से सामने की ओर कुछ ऐसे पकड़ते रहे हैं, जिससे उनके शरीर के साथ एक त्रिकोण बनता रहा है.
https://t.co/kL85TpF3Bt
— CB (@cveditss) November 27, 2026
क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में भी बुमराह ने ऐसे ही गेंदबाजी शुरू की. मगर दूसरे सेशन में अचानक उनके इस रन-अप में बदलाव देखने को मिला. इस बार बुमराह गेंद को दोनों हाथों से पकड़ने के बजाए सिर्फ दाएं हाथ से पकड़कर दौड़ रहे थे, जैसा आम-तौर पर ज्यादातर गेंदबाज करते हैं. कॉमेंट्री पैनल के मेंबर भी इस बदलाव से हैरान रह गए और काफी देर तक इस पर चर्चा करते रहे. वहीं इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. एक ‘X’ यूजर ने 2015 का वीडियो पोस्ट करते हुए ध्यान दिलाया कि बुमराह करियर के शुरुआत में इसी रन-अप के साथ गेंदबाजी करते थे.
https://t.co/l2xap26dwj
— Bishontherockz (@BishOnTheRockx) November 27, 2026
कैसा रहा बुमराह के लिए पहला दिन?
अब बुमराह ने ऐसा क्यों किया, इसकी वजह तो सामने नहीं आई. साथ ही इससे उनकी गेंदबाजी में भी कुछ बदलाव नहीं दिखा. हालांकि, दिन के आखिरी सेशन में जब नई गेंद ली गई और बुमराह को दोबारा अटैक पर लगाया गया, तो वो अपने पहले वाले अंदाज में लौट आए, जहां उन्होंने गेंद को दोनों हाथों से पकड़ा हुआ था. हालांकि बुमराह के लिए पहला दिन कोई भी सफलता लेकर नहीं आया. उन्होंने पहले ओवर में ही एक बार फिर टॉम लैथम का विकेट चटका दिया था लेकिन DRS की मदद से अंपायर का फैसला पलट गया और लैथम बच गए. इसके बाद भी बुमराह ने लगातार परेशान किया लेकिन 19 ओवर की गेंदबाजी में सिर्फ 37 रन खर्चने के बावजूद उन्हें कोई सफलता नहीं मिली.




