Exclusive: ‘द ट्रेटर्स 2’ का मास्टरमाइंड कौन? बाहर हुए कंटेस्टेंट्स ने बताया नाम
द ट्रेटर्स 2' में क्रिस्टल डिसूजा का गेमप्ले सबसे ज्यादा खतरनाक और सटीक साबित हो रहा है. शो से बाहर हुए कंटेस्टेंट्स पारुल गुलाटी, कुल्लू और रणवीर बरार ने उनके गेम की तारीफ की है.
Prime Video The Traitors 2: प्राइम वीडियो के सस्पेंस रिएलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ में जहां कई कंटेस्टेंट्स कैमरे के सामने ऊंची आवाज में बहस और ड्रामा करके ध्यान खींचने की कोशिश कर रहे हैं, तो वहीं टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस क्रिस्टल डिसूजा ने एक बिल्कुल अलग और साइलेंट स्ट्रैटेजी अपनाकर सबको चौंका दिया है. शो में एक ‘ट्रेटर’ के रूप में खेल रहीं क्रिस्टल ने जिस खूबसूरती और चालाकी से अपने पत्तों को छुपाकर रखा है, उसकी तारीफ अब शो से बाहर हो चुके कंटेस्टेंट्स भी खुले दिल से कर रहे हैं.
हाल ही में एलिमिनेट हुए कंटेस्टेंट्स रणवीर बरार, पारुल गुलाटी और आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू) तीनों ने टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ की एक्सक्लूसिव बातचीत में एकमत होकर क्रिस्टल डिसूजा को इस पूरे सीजन का सबसे बड़ा ‘मास्टरमाइंड’ करार दिया है.
रणवीर बरार ने क्या कहा?
शेफ रणवीर बरार ने क्रिस्टल के गेमप्ले का एनालिसिस करते हुए कहा कि उनके अंदर गट्स, इंटेलिजेंस और चालाकी का ऐसा अनोखा तालमेल है, जो बहुत कम खिलाड़ियों में दिखता है. रणवीर ने बताया, “क्रिस्टल किसी भी ड्रामे या इमोशनल उलझन में पड़े बिना बेहद सफाई से अपना गेम खेलती है. उसे इस बात से कोई लेना-देना नहीं होता कि कौन किसका दोस्त है या कौन किससे गुस्सा है. मेरे एलिमिनेशन के वक्त भी वो कभी खुलकर फ्रंट में नहीं आई, लेकिन उसे बखूबी पता था कि कब और किस वक्त चिंगारी को हवा देनी है. वो पूरी तरह अपने दम पर खेल रही है.”
क्रिस्टल हैं मास्टरमाइंड
पारुल गुलाटी ने भी रणवीर की बात से पूरी तरह सहमति जताते हुए कहा कि इनोसेंट्स और ट्रेटर्स दोनों में से अगर कोई सबसे बड़ा मास्टरमाइंड है, तो वो केवल क्रिस्टल डिसूजा ही हैं. दिलचस्प बात ये रही कि जब ‘सर्कल ऑफ शक’ में क्रिस्टल ने अपने ही साथी ट्रेटर कुल्लू (आदित्य) के खिलाफ वोट किया, तो लोगों को लगा कि उन्होंने अपनी टीम को धोखा दिया, लेकिन कुल्लू ने खुद क्रिस्टल के इस कदम को मास्टरस्ट्रोक बताया है.
ये भी पढ़ें-
क्या तीसरे पार्ट के साथ खत्म हो जाएगी अजय देवगन की दृश्यम? उधर मोहनलाल ने दिया चौथी फिल्म का हिंट
बॉक्स ऑफिस पर फिर दिखेगा खूंखारों का भौकाल! ब्लॉकबस्टर होगी तबाही की ये कहानियां?
कुल्लू ने भी किया क्रिस्टल का बचाव
कुल्लू ने कहा, “क्रिस्टल ने जो किया वह बिल्कुल सही फैसला था. मुझे पता था कि मेरा सफर खत्म हो रहा है क्योंकि मैं सारे मजबूत इनोसेंट्स को मार चुका था और मुझपर सबका शक गहरा चुका था. अगर क्रिस्टल उस वक्त मुझे बचाने की कोशिश करती, तो अगले दिन वो खुद भी इनोसेंट्स के निशाने पर आ जाती. उसने खुद को सेफ रखकर ट्रेटर्स की जगह बनाए रखी, जो कि गेम का सही नियम है.” क्रिस्टल डिसूजा का ये बिना शोर मचाए अपने विरोधियों को मात देने का अंदाज उन्हें इस सीजन की सबसे मजबूत दावेदार बना रहा है.




