Nushrratt Bharuccha: नुसरत भरूचा का बाली में एक्सीडेंट, रीढ़ की हड्डी टूटी, एयर एम्बुलेंस से मुंबई लाने की तैयारी
Nushrratt Bharuccha: नुसरत भरूचा काम और छुट्टियों के लिए बाली गई थीं, जहां एक हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया. अब एक्ट्रेस की टीम ने उनकी हेल्थ पर बड़ा अपडेट दिया है.
Nushrratt Bharuccha: बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर बीते दिनों एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है. काम और वेकेशन के सिलसिले में बाली गईं नुसरत एक हादसे का शिकार हो गई हैं. एक्सीडेंट में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर आया है. जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
अब नुसरत भरूचा के एक्सीडेंट पर उनकी टीम ने ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है. हाल ही में पता लगा कि, फिलहाल नुसरत भरूचा बाली के एक हॉस्पिटल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं. डॉक्टर्स ने आगे की जांच करने के बाद बताया कि नुसरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी. उनका कहना है कि-” इस समय हमारी सबसे पहली प्रायोरिटी नुसरत की हेल्थ है. और उन्हें जरूरी मेडिकल फैसिलिटी उपलब्ध कराना है. हम उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाने की प्लानिंग कर रहे हैं, जहां उनकी सर्जरी की जाएगी.”
एयर एम्बुलेंस से लाया जाएगा मुंबई
नुसरत की टीम और परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बाली में शुरुआती इलाज के बाद अब उन्हें एयर एम्बुलेंस के जरिए बाली से मुंबई वापस लाने की तैयारियां पूरी की जा रही हैं. मुंबई पहुंचने के बाद डॉक्टरों की देखरेख में उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी. वहीं, चोट की गंभीरता और सर्जरी को देखते हुए नुसरत को आराम और स्वस्थ होने के लिए काफी समय की जरूरत होगी. उन्होंने बताया कि- ”मेडिकल इमरजेंसी के चलते आने वाले कुछ हफ्तों के लिए उनकी प्रोफेशनल कमिटमेंट्स पर असर पड़ सकता है.”
फैन्स से क्या अपील की?
नुसरत भरूचा की टीम ने सभी से रिक्वेस्ट करते हुए कहा कि- ”इस समय उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें. उन्हें अपने इलाज पर ध्यान देने करने के लिए समय और जगह दें. नुसरत के लिए चिंता व्यक्त करने वाले सभी लोगों के हम आभारी हैं. सही समय पर आगे की जानकारी शेयर की जाएगी.
इस फिल्म में दिखीं एक्ट्रेस
दरअसल नुसरत भरूचा को आखिरी बार कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ में सोहम शाह के साथ देखा गया था. यह पिक्चर 2025 में आई थी. वहीं, ‘छोरी 2’ और ‘बन टिक्की’ भी उनकी लिस्ट में शामिल हैं. यूं तो एक्ट्रेस के खाते में और भी कई प्रोजेक्ट्स होंगे, पर फिलहाल सभी को शुरू करने में थोड़ा वक्त लगेगा.




