इंटरनेट पर भी सेंसरशिप होनी चाहिए…नकली पैप्स कल्चर और भद्दे कैमरों पर फिर सलमान खान ने साधा निशाना
पैपराजी के अजीबोगरीब कैमरा एंगल्स-सोशल मीडिया के बेलगाम कंटेंट पर सलमान खान ने दो टूक बात की. उन्होंने इंटरनेट पर सेंसरशिप की मांग करते हुए हीरोइनों के साथ होने वाली असहजता पर खुलकर राय रखी.
मायानगरी मुंबई में पैपराजी कल्चर जिस तेजी से बेलगाम हुआ है, उसने सितारों और खासकर एक्ट्रेस के लिए कई बार असहज और असहनीय हालात पैदा कर दिए हैं. एयरपोर्ट से लेकर जिम और इवेंट्स तक, जूम इन होते कैमरे और अजीबोगरीब एंगल्स को लेकर इंडस्ट्री में लंबे समय से गुस्सा सुलग रहा है. अब इस पूरे मामले पर बॉलीवुड के ‘दबंग’ अभिनेता सलमान खान ने एक बार फिर खुलकर अपनी राय रखी है. ‘बिग बॉस 20’ में पिछले वीकेंड का वार पर पैप्स के कंटेंट पर निशाना साधने वाले सलमान ने एक बार फिर भी पैपराजी के इस रवैये पर चिंता जताते हुए साफ लफ्जों में कहा कि इंटरनेट पर भी सेंसरशिप की सख्त जरूरत आ गई है.
सलमान खान ने बातचीत के दौरान पैपराजी की सीमाओं और सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले कंटेंट पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस तरह से कुछ लोग सिर्फ व्यूज और सनसनी के लिए एक्ट्रेसेस को असहज करने वाले एंगल्स से शूट करते हैं, वह कतई सही नहीं है.
ये भी पढ़ें: इनको जेल में होना चाहिए FAKE AI वीडियो से परेशान सलमान खान, बोले- मेरी भी बनाते हैं
‘लड़कियां इससे बहुत असहज महसूस करती हैं’
पैप्स की हरकतों और महिलाओं की निजता पर बात करते हुए सलमान खान ने कहा कि कुछ लड़कियां (एक्ट्रेसेस) इस रवैये से बेहद असहज और ऑकवर्ड महसूस करती हैं. हालांकि कई समझदार पैपराजी अब इस बात को समझने लगे हैं और वे ऐसी चीजें नहीं करते. खासकर जो पुराने और सीनियर पैप्स हैं, वे बहुत सम्मानजनक (रिस्पेक्टफुल) हैं. उन्हें अच्छे से पता है कि क्या सीमाएं हैं और क्या नहीं करना चाहिए. लेकिन आज के दौर में मोबाइल लेकर ऐसे बहुत से नए लोग आ गए हैं जिन्हें इन सीमाओं की परवाह नहीं है.
View this post on Instagram
सलमान का यह इशारा साफ तौर पर सोशल मीडिया के उस अंधाधुंध कंटेंट की तरफ था, जहां सिर्फ चंद लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए किसी भी कलाकार की गरिमा को दांव पर लगा दिया जाता है.
इंटरनेट पर भी आना चाहिए सेंसर बोर्ड
सलमान खान ने आगे जोर देकर कहा कि जिस तरह फिल्मों के लिए कड़े नियम और सेंसर बोर्ड की व्यवस्था है, उसी तरह अब इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी एक सख्त सेंसरशिप होनी चाहिए. जब तक डिजिटल स्पेस में कोई जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक इस तरह की बेलगाम हरकतों और अश्लीलता फैलाने वाले एंगल्स पर रोक लगाना मुमकिन नहीं होगा. उन्होंने चिंता जताई कि इंटरनेट पर बिना किसी फिल्टर के परोसी जा रही चीजों का समाज और युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है.




