दिल्ली-गुरुग्राम सफर होगा सुपरफास्ट… MG रोड बनेगा पूरी तरह सिग्नल-फ्री, 6 रेड लाइट हटेंगी, बनेगा 3-लेवल मल्टीलेवल इंटरचेंज
MG Road Signal Free: NHAI 836 करोड़ रुपये से MG रोड को बनाएगा सिग्नल-फ्री. अंधेरिया मोड़ पर 3-लेवल इंटरचेंज और 3.5 किमी लंबे एलिवेटेड रोड बनेंगे.
Delhi News: दक्षिण दिल्ली से गुरुग्राम रोजाना आने-जाने वाले लाखों नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय निवासियों (छतरपुर, वसंत कुंज, साकेत और महरौली) के लिए राहत भरी खबर है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने महरौली-गुरुग्राम (MG Road) को पूरी तरह सिग्नल-फ्री बनाने का विस्तृत मास्टर प्लान तैयार कर लिया है. 836.55 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 8.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर से 6 रेड लाइट (ट्रैफिक सिग्नल) हटाए जाएंगे. योजना का मुख्य लक्ष्य लोकल ट्रैफिक और थ्रू-ट्रैफिक (सीधे गुजरने वाले वाहनों) को अलग-अलग करना है, ताकि पीक आवर्स के दौरान होने वाला जाम पूरी तरह खत्म हो सके.
परियोजना का सबसे प्रमुख और जटिल केंद्र अंधेरिया मोड़ होगा, जहां वाहनों के क्रॉस-मूवमेंट को खत्म करने के लिए तीन स्तरों का ढांचा तैयार किया जाएगा.
ग्राउंड लेवल: यहां से केवल स्थानीय वाहनों की आवाजाही होगी.
पहला फ्लाईओवर: वसंत कुंज की ओर जाने वाला ट्रैफिक बिना किसी ट्रैफिक सिग्नल के सीधे निकल सकेगा.
सबसे ऊपरी फ्लाईओवर: गुरुग्राम की तरफ से आकर कुतुब मीनार की ओर जाने वाले वाहन बिना रुके फर्राटा भरेंगे.
लंबाई: इन फ्लाईओवरों की लंबाई 300 से 500 मीटर के बीच होगी, जिससे अलग-अलग दिशाओं से आने वाले ट्रैफिक का आपस में टकराव नहीं होगा.
मेट्रो स्टेशनों के समानांतर बनेंगे 3.5 किमी लंबे दो एलिवेटेड रोड
एमजी रोड पर ट्रैफिक को गति देने के लिए छतरपुर, सुल्तानपुर, घिटोरनी और अर्जनगढ़ मेट्रो स्टेशनों के समानांतर दोनों तरफ 3.5 किलोमीटर लंबे दो-दो लेन के एलिवेटेड रोड बनाए जाएंगे. पहला एलिवेटेड रोड सीधे वसंत कुंज और कुतुब मीनार की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए होगा. दूसरा एलिवेटेड रोड हौज खास, सैनिक फार्म और साकेत की ओर से आने वाले वाहनों को बिना किसी रेड लाइट पर रुके सीधे हरियाणा (गुरुग्राम) बॉर्डर तक पहुंचाएगा.
स्थानीय वाहनों की सुविधा के लिए निचले मार्ग पर व्यवस्थित यू-टर्न बनाए जाएंगे. एनएचएआई ने अंधेरिया मोड़ से हरियाणा बॉर्डर तक 6-लेन के इस कायाकल्प प्रोजेक्ट को ढाई साल (30 महीने) में पूरा करने का लक्ष्य रखा है.
ये भी पढ़ें: मम्मी-पापा बस में हैं, 3 महीने बाद आएंगे, बेंगलुरु के 7 लोगों की हत्या मामले में खौफनाक ऑडियो वायरल
बारापुला फेज-3 पर सन डायल लूप के पास इसी हफ्ते लगेगा सिग्नल
मयूर विहार से एम्स की ओर जाने वाले बारापुला फेज-3 कैरिजवे पर सुबह और दोपहर के समय लगने वाले भीषण जाम को नियंत्रित करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं.
सन डायल लूप पर बॉटलनेक: लूप से ऊपर चढ़ने वाले वाहन मयूर विहार की ओर से आने वाले मुख्य ट्रैफिक के साथ मिलते थे, जिससे बॉटलनेक बनकर वाहनों की रफ्तार थम जाती थी.
रेड लाइट से कंट्रोल होगा ट्रैफिक: जाम से राहत दिलाने के लिए सन डायल लूप के पास इसी सप्ताह ट्रैफिक सिग्नल चालू कर दिया जाएगा. इसका इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार है और अगले 3-4 दिनों में रेड लाइट स्थापित कर दी जाएगी.




