Delhi Pollution: हाइब्रिड मोड पर स्कूल, BS 3-4 वाहनों पर बैन… सख्ती के बाद भी दिल्ली-NCR में प्रदूषण बेलगाम

Delhi Pollution: हाइब्रिड मोड पर स्कूल, BS 3-4 वाहनों पर बैन… सख्ती के बाद भी दिल्ली-NCR में प्रदूषण बेलगाम

दिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियों के बावजूद प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही. नोएडा में कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी. आइए जानते हैं और क्या-क्या प्रतिबंध लगाए गए हैं.

Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में जहरीली हवा से राहत नहीं मिल रही है. GRAP-3 लागू होने के बावजूद प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है. बुधवार रात को दिल्ली का औसत AQI 313 दर्ज किया गया. प्रदूषण को देखते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा में कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने का आदेश दिया गया है. वहीं BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.

बता दें कि प्रदूषण का असर बच्चों की पढ़ाई से लेकर आम लोगों की दिनचर्या तक पर पड़ रहा है. गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई निर्देश जारी किए हैं. वहीं नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है. निर्माण कार्यों पर रोक के साथ ही लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. आइए जानते हैं क्या-क्या प्रतिबंध लगाए गए हैं…

ये भी पढ़ें- नोएडा में प्रदूषण का असर: अब हाइब्रिड मोड में होगी 5वीं तक की पढ़ाई, आदेश जारी

1- कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी

दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के स्कूलों में कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने का आदेश जारी किया गया है. GRAP-3 लागू होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने यह निर्देश दिया. यह आदेश जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा. आदेश के मुताबिक, स्कूलों को कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई का विकल्प देना होगा. जिन स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है, वहां ऑनलाइन कक्षाएं भी संचालित करनी होंगी.

2- BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नोएडा में वाहनों को लेकर भी सख्ती की गई है. नोएडा में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लागू किया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 10 साल से अधिक पुराने डीजल और 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल वाहनों के संचालन पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा. ऐसे वाहन सड़कों पर चलते हुए मिले तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

3- CCTV कैमरों से होगी निगरानी, नियम तोड़ने पर चालान

प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने के लिए कमांड कंट्रोल सेंटर की मदद ली जाएगी. शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केवल सरकारी कदम पर्याप्त नहीं हैं. इसमें आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है. इसलिए वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और प्रदूषण कम करने में मदद करने की अपील की गई है.

4- निर्माण और तोड़फोड़ के कामों पर भी रोक

GRAP-3 के तहत दिल्ली-NCR में धूल फैलाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के कामों पर सख्त पाबंदी है. इसके तहत गैर-जरूरी निर्माण और डिमोलिशन गतिविधियां बंद रहेंगी. खुदाई, मिट्टी का काम, ट्रेंचिंग, पाइलिंग, सड़क निर्माण और मरम्मत जैसे कामों पर भी रोक लगाई गई है. इसके अलावा पेंटिंग, पॉलिशिंग और वार्निशिंग जैसी गतिविधियां भी प्रतिबंधित हैं. इन पाबंदियों का मकसद निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल को कम करना है, क्योंकि हवा में मौजूद धूल के कण प्रदूषण का स्तर बढ़ाने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालते हैं.

5- N-95 मास्क पहनने और बाहर व्यायाम से बचने की सलाह

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है. खास तौर पर सुबह और देर शाम के समय बाहर टहलने, दौड़ने और भारी व्यायाम करने से बचने को कहा गया है. बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और सामान्य कपड़े के मास्क की जगह N-95 या N-99 मास्क का इस्तेमाल करें. बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और अस्थमा, हृदय रोग या फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. ऐसे लोगों को प्रदूषण के सीधे संपर्क में आने से बचने और जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है.

परिवहन और पराली जलाने से बढ़ रहा प्रदूषण

बुधवार को दिल्ली के प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र का सबसे बड़ा योगदान रहने की आशंका थी. वहीं गुरुवार को पराली जलाने का प्रभाव बढ़ने का अनुमान है. दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी बुधवार को करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान था, जो गुरुवार तक बढ़कर 20 प्रतिशत हो सकती है. आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को 6 राज्यों में पराली जलाने की 927 घटनाएं दर्ज की गईं.

वहीं बुधवार को दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में से 34 पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब, 22 पर खराब और एक केंद्र पर गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई. केवल दिल्ली छावनी क्षेत्र में AQI 117 के साथ हवा मध्यम श्रेणी में रही. ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम दिखाई दे रही है. प्रशासन की सख्ती के बीच अब मौसम और हवा की रफ्तार पर भी सबकी नजर बनी हुई है.

नदीम सैफी
नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More