Sambhavna Seth: महीनों तक बंधक बनाकर रखा, दी धमकियां… हाउस हेल्प की बहन को इंसाफ दिलाने पुलिस स्टेशन पहुंचीं एक्ट्रेस संभावना सेठ
Sambhavna Seth House Help: एक्ट्रेस संभावना सेठ ने अपनी हाउस हेल्प की बहन को बंधक बनाने और धमकाने के आरोप में नवी मुंबई के खारघर थाने में मामला दर्ज कराया है.
Sambhavna Seth House Help: टीवी एक्ट्रेस और मशहूर यूट्यूबर संभावना सेठ एक बार फिर एक गंभीर मामले को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं. सोमवार को संभावना सेठ अपने पति अविनाश द्विवेदी के साथ नवी मुंबई स्थित खारघर पुलिस स्टेशन पहुंचीं. संभावना यहां अपनी मेड (हाउस हेल्प) की बहन को इंसाफ दिलाने के लिए पुलिस अधिकारियों से मिलने आई थीं. आरोप है कि उनकी मेड की बहन जिस घर में काम कर रही थीं, उस घर के लोगों ने उन्हें बंधक बनाकर रखा था. उन्हें डराया-धमकाया गया और परिवार से भी संपर्क तक नहीं करने दिया गया. वो लोग उसे खाना भी नहीं दे रहे थे.
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने कई महीनों के खौफनाक सितम के बाद किसी तरह अपनी बहन (संभावना की मेड) से संपर्क किया और अपनी आपबीती सुनाई. पूरी बात सुनते ही संभावना सेठ और उनके पति अविनाश बिना देर किए पीड़िता के परिवार के समर्थन में उतर आए और उन्हें लेकर सीधे खारघर पुलिस स्टेशन पहुंचे. पुलिस स्टेशन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए संभावना ने कहा,”पीड़िता को उसकी मर्जी के खिलाफ बंधक बनाकर रखा गया, उसे धमकियां दी गईं. हम यहां सिर्फ उस मासूम के लिए इंसाफ मांगने आए हैं और हमें पुलिस पर पूरा भरोसा है.”
दो आरोपी फरार, पुलिस ने दर्ज की FIR
संभावना सेठ ने बताया कि सीनियर पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का पूरा भरोसा दिया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज कर ली है. हालांकि, घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें-
मनीषा रानी ने दिखाया अपना ड्रीम होम, इंटीरियर पर खर्च किए 1 करोड़
50-60 लोग, छिपकली और गंदा टॉयलेट, अलायंस में सोहेल से मिलते ही सलमान खान को याद आए जेल के खौफनाक दिन
सोशल मीडिया पर उठी इंसाफ की मांग
संभावना सेठ ने जब इस पूरे मामले की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर की, तो उनके फैंस और यूजर्स भड़क उठे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.




