जेल से छूटते ही सड़क पर हुड़दंग… हत्या का आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठकर पीता दिखा सिगरेट, Video वायरल
Murder Accused Power Show Video: सतना में हत्या का आरोपी मान सिंह जमानत पर छूटते ही बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए जुलूस निकाला. Video वायरल. कोलगवां पुलिस पर उठे सवाल.
Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले से कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को ठेंगा दिखाने वाली एक बेखौफ और सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है. नाबालिग की हत्या के गंभीर आरोप में जेल में बंद मान सिंह उर्फ ‘बेटू’ जैसे ही जमानत पर बाहर आया, समर्थकों ने उसका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और पूरे शहर में एक विशाल रैली निकाली. इस रैली के दौरान आरोपी फिल्म ‘बाहुबली’ की तर्ज पर चलती बोलेरो गाड़ी के बोनट पर बैठकर सिगरेट के छल्ले उड़ाता नजर आया, जबकि पीछे दर्जनों बाइक सवार समर्थक नारेबाजी करते चल रहे थे. खुलेआम ट्रैफिक नियमों और कानून की धज्जियां उड़ाता यह जुलूस शहर के कोलगवां थाने के ठीक सामने से गुजर गया, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही और कोई कार्रवाई नहीं की.
आरोपी मान सिंह उर्फ बेटू अपने चार साथियों के साथ एक नाबालिग की हत्या के संगीन अपराध में पिछले 14 महीनों से जेल में बंद था. अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने उसे मालाएं पहनाईं. इसके बाद मान सिंह बोलेरो के बोनट पर सवार हो गया और हाथ में सिगरेट जलाकर शक्ति प्रदर्शन करने लगा. बोलेरो के पीछे समर्थकों का काफिला मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शहर की सड़कों पर हुड़दंग मचाता रहा. यह पूरा जुलूस कोलगवां थाना क्षेत्र से होते हुए आरोपी के अपने इलाके सिद्धार्थ नगर तक गया, जहां पहुंचकर यह शक्ति प्रदर्शन समाप्त हुआ.
ये भी पढ़ें: पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप तो खगड़िया में SP पद से हटाए गए IPS भानु प्रताप, PHQ ट्रांसफर
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
हैरान करने वाली बात यह रही कि शहर की मुख्य सड़कों और कोलगवां थाने के सामने से बेखौफ गुजर रहे इस जुलूस को रोकने या टोकने की जहमत पुलिस ने नहीं उठाई. संगीन अपराध के आरोपी के इस खुले शक्ति प्रदर्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आम जनता और नेटिजन्स सड़क पर गुंडागर्दी के इस प्रदर्शन को देखकर पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं. अब देखना यह होगा कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन इस बेखौफ आरोपी और उसके समर्थकों पर क्या सख्त कार्रवाई करता है.
(सतना से मोहम्मद फारुख की रिपोर्ट)



