15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्यों परेशान हैं दिनेश कार्तिक? सचिन से भी की तुलना
वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में वर्ल्ड क्रिकेट को अपनी बल्लेबाजी से हिलाकर रख दिया है. पूर्व क्रिकेटर दिनेश कार्तिक को उनकी चिंता सता रही है. जानिए क्यों
भारतीय क्रिकेट में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को ‘वंडरकिड’ कहा जा रहा है. लेकिन पूर्व भारतीय विकेटकीपर दिनेश कार्तिक मानते हैं कि इस युवा खिलाड़ी को अपने आसपास ‘सही लोग’ और एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम चाहिए. कार्तिक, जो आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बैटिंग कोच और मेंटॉर भी हैं, ने कहा कि वैभव को कोचों और परिवार के साथ साथ जनता और मीडिया का भी सही समर्थन मिलना चाहिए.
वैभव सूर्यवंशी पर दबाव
कार्तिक ने बताया कि पिछले करीब पांच सालों से हर जगह उनसे विराट कोहली या रोहित शर्मा के बारे में पूछा जाता था. अब इस लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी का नाम भी जुड़ गया है. उन्होंने कहा, ‘आजकल मैं जहां भी जाता हूं, उसके बारे में सवाल होता है. ये बहुत दिलचस्प है, है ना? 14 साल की उम्र में मैं अपनी मैथ्स का होमवर्क खत्म करने की कोशिश कर रहा था और यहां एक बच्चा है जो इस समय दुनिया पर राज कर रहा है.’
वैभव की तुलना सचिन से
दिनेश कार्तिक ने वैभव की तुलना युवा सचिन तेंदुलकर से की. कार्तिक ने कहा कि वैभव जैसा टैलेंट बहुत कम देखने को मिलता है. उन्होंने बताया, ‘मुझे लगता है कि जिस आखिरी शख्स की प्रतिभा के बारे में इतनी बात हुई और देखा गया, वो इसी शहर के सचिन तेंदुलकर थे. वो इस खेल के महानतम खिलाड़ी बने. हम उन्हें क्रिकेट का भगवान कहते हैं.’ कार्तिक को लगता है कि सूर्यवंशी में भी वैसा ही टैलेंट है.
सोशल मीडिया की चुनौती
कार्तिक ने फैंस और आलोचकों से अपील की कि वे वैभव को ‘एक क्रिकेटर के तौर पर बढ़ने दें.’ उन्होंने कहा कि आज के दबाव दो दशक पहले से बहुत अलग हैं. उन्होंने जोड़ा, ‘हम सभी को उसके बारे में जो कहते हैं, उस पर ध्यान देना चाहिए. उसे एक क्रिकेटर के तौर पर बढ़ने और सीखने दें.’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वैभव को सही सलाहकारों की जरूरत है, खासकर सोशल मीडिया के दौर में. कार्तिक ने बताया, ‘आज की दुनिया ऐसी ही है. मुझे पता है कि मैदान के बाहर उसके लिए कई ऑफर होंगे. यहीं उसे सही लोगों की जरूरत है जो उसे सही विकल्प चुनने में मदद करें.’ उन्होंने कहा कि अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बिना युवा खिलाड़ी गलत रास्ते पर जा सकते हैं.
कार्तिक ने युवा क्रिकेटरों को सलाह दी कि वे ‘जरूरी बातों को फिल्टर करें और बाकी सब छोड़ दें.’ उन्होंने माना कि आज के क्रिकेटरों पर बहुत ज्यादा दबाव है क्योंकि सोशल मीडिया के कारण हर कोई अपनी राय व्यक्त कर सकता है.कार्तिक ने ये बातें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित एक इवेंट में कहीं.




