Bigg Boss 20: बॉक्सिंग रिंग बना जंग का मैदान! 8 कंटेस्टेंट्स हुए नॉमिनेट, कैप्टेंसी पावर से उदिती ने मैरी कॉम पर चलाया दांव

Bigg Boss 20: बॉक्सिंग रिंग बना जंग का मैदान! 8 कंटेस्टेंट्स हुए नॉमिनेट, कैप्टेंसी पावर से उदिती ने मैरी कॉम पर चलाया दांव

Bigg Boss 20: 'बिग बॉस 20' के घर में बॉक्सिंग-थीम वाले नॉमिनेशन टास्क ने रिश्तों की परतें खोल दी हैं. कुल 8 सदस्य बेघर होने के लिए नॉमिनेट हुए, जिसके बाद घर में तीखी बहसें देखने को मिलीं.

Bigg Boss 20: जियोहॉटस्टार और कलर्स पर स्ट्रीम हो रहे देश के सबसे बड़े रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में समीकरण हर पल करवट बदल रहे हैं. इस हफ्ते हुए नॉमिनेशन टास्क ने घरवालों के बीच दबे हुए गुस्से, अनसुलझे विवादों और दोस्ती के खोखलेपन को पूरी तरह बेनकाब कर दिया. जहां बॉक्सिंग रिंग के जरिए 8 कंटेस्टेंट्स बेघर होने की कगार पर आ खड़े हुए, वहीं दूसरी तरफ पुराने दोस्तों के बीच अविश्वास और तल्खियां खुलकर सामने आ गईं.

बिग बॉस ने इस बार नॉमिनेशन के लिए एक बेहद अनोखा ‘बॉक्सिंग-थीम’ टास्क पेश किया. हर सदस्य को किन्हीं दो घरवालों को नॉमिनेट करना था, उनकी तस्वीरें पंचिंग बैग पर लगानी थीं और इसके बाद बॉक्सर मैरी कॉम को पंच मारकर उस नॉमिनेशन पर अपनी मुहर लगानी थी. इस टास्क में घरवालों ने दोस्ती और निजी दुश्मनी का खुलकर हिसाब चुकता किया. वहीं, घर की कप्तान उदिती को मिली विशेष कप्तानी शक्ति का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने सीधे तौर पर मैरी कॉम को ही नॉमिनेशन की आग में झोंक दिया. टास्क के अंत में काजी तौकीर, अमन, माही विज, कनिका मान, लव गिल, अरिश्फा खान, गुल्लू और मैरी कॉम घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेट हो गए.

अमन पर फूटा लव गिल का गुस्सा

टास्क के बाद लव गिल ने अमन गांधी द्वारा बार-बार उन पर किए जा रहे ‘ओवरएक्टिंग’ वाले तंज पर करारा पलटवार किया. लव ने दो टूक कहा,”अगर कोई मेरे साथ डबल मीनिंग बातें करेगा या गलत भाषा का इस्तेमाल करेगा, तो क्या मेरा बोलना ओवरएक्टिंग कहलाता है? मैं सभी के समझने के लिए पंजाबी छोड़कर हिंदी में बात करने लगी हूं. जब मुझे बार-बार उकसाया जाएगा, तो रिएक्शन तो आएगा ही. मैं जैसी हूं वैसी ही रहूंगी, मुझे हर बार ओवरएक्टिंग का लेबल न दिया जाए.” बाद में लव ने आम्रपाली दुबे के सामने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि कैसे यंग और स्काउट की एक बात ने उन्हें अंदर तक आहत किया, जिसमें वे कह रहे थे कि घर के रिश्ते अस्थायी होते हैं और असली रिश्ते बाहर हैं. लव ने कहा कि वे इस तुलना को समझ नहीं पाईं क्योंकि घर में बने भाई, बहन या दोस्ती के रिश्ते अपने आप में सच्चे होते हैं.

कनिका से काजी की माफी

उधर, काजी तौकीर ने कनिका मान के साथ चल रही अनबन को सुलझाने की पूरी कोशिश की. काजी ने सफाई देते हुए कहा कि ‘बायोलॉजी’ और ‘लॉलीपॉप’ वाले संदर्भों के पीछे उनका कोई फ्लर्ट करने या गलत नीयत रखने का इरादा नहीं था. काजी ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि वे महिलाओं का बेहद सम्मान करते हैं और इस गलतफहमी को यहीं खत्म करना चाहते हैं. कनिका ने सामने तो बात खत्म कर दी, लेकिन बाद में स्काउट के साथ चर्चा करते हुए काजी की नीयत पर सवाल उठाए. कनिका ने कहा कि तबीयत खराब होने के बावजूद काजी सिर्फ अटेंशन चाहते हैं. इस पर स्काउट ने बेहद तीखा कटाक्ष करते हुए कहा,”जोकर तभी परफॉर्म कर सकता है जब उसके सामने तमाशा देखने वाली ऑडियंस मौजूद हो.”

काजी के आंसू या सोची-समझी एक्टिंग?

काजी तौकीर अरिश्फा खान के साथ बदले रिश्तों को लेकर बेहद भावुक हो गए. उन्होंने माही से कहा कि वे अरिश्फा को अपनी छोटी बहन और बच्ची जैसा मानते थे, लेकिन अब उनका बर्ताव बदल गया है. जब अरिश्फा ने काजी को खाना दिया, तो काजी रो पड़े और शिकायत की कि उन्होंने एक बार भी उनकी तबीयत के बारे में नहीं पूछा. हालांकि, काजी के आंसुओं पर घर में किसी को तरस नहीं आया. उदिती और अरिश्फा आपस में बात करते हुए इन आंसुओं को ‘ड्रामा’ और ‘एक्टिंग’ करार देती नजर आईं. उदिती ने कहा कि काजी के अंदर ईगो की समस्या है और वे दूसरों की बात नहीं सुनते, जबकि अरिश्फा ने साफ कहा कि काजी के आंसू बिल्कुल झूठे लग रहे थे.

दोस्ती में पड़ी दरार

नॉमिनेशन के तनाव के बीच दो पक्के दोस्त यंग डीएसए और स्काउट के बीच भी खटास देखने को मिली. यंग ने स्काउट को सीधे तौर पर टोका कि जब वे आम्रपाली और लव के साथ बातों में मशगूल थे, तो उन्हें पूरी तरह दरकिनार (साइडलाइन) महसूस हुआ. हालांकि स्काउट ने माफी मांगते हुए कहा कि वे जानबूझकर ऐसा नहीं कर रहे थे, लेकिन यंग ने साफ किया कि गेम खेलने के चक्कर में दोस्ती पर आंच नहीं आनी चाहिए.

वहीं, आसिफ ने भी स्काउट को स्पष्ट संदेश दे दिया कि वे किसी ‘यंग की गैंग’ का हिस्सा बनकर नहीं खेलना चाहते, बल्कि वे एक इंडिविजुअल प्लेयर हैं और अपनी शर्तों पर खेलेंगे. 8 मजबूत नामों के नॉमिनेट होने के बाद अब घर के भीतर सत्ता और वफादारी की यह जंग और ज्यादा खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More